Home Hindi मोदी की दूसरी और आखिरी रैली में 30 हजार लोग जुटे, खाली...

मोदी की दूसरी और आखिरी रैली में 30 हजार लोग जुटे, खाली कुर्सियां भरवाते नजर आए पुलिसकर्मी

86
0

नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरी और आखिरी रैली द्वारिका में की। दिल्ली भाजपा का दावा है कि प्रधानमंत्री को सुनने 50 हजार लोग मौजूद थे। हालांकि, भास्कर संवाददाता ने पाया कि रैली में करीब 30 हजार लोग ही मौजूद थे। सुरक्षा इंतजाम बेहद सख्त थे। हर मीडियाकर्मी और आम लोगों के बैग चेक किए गए। वीआईपी जोन में कुछ कुर्सियां खाली थीं। पुलिस इन पर लोगों को बिठाती नजर आई।

केसरिया पगड़ी बांटी गईं
रैली में सुरक्षा के इंतजाम बेहद सख्त थे। रैली के पहले द्वारिका सेक्टर 14 डीडीए ग्राउंड के आसपास की सभी दुकानों को बंद करा दिया गया। करीब 100 मीडियाकर्मी रैली कवर करने आए। इनके बैग भी चेक किए गए। तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था थी। मेटल डिटेक्टर्स सभी जगह लगाए गए थे। करीब एक हजार लोगों को वीआईपी पास दिए गए थे। इन सभी को दिल्ली भाजपा की तरफ से केसरिया पगड़ी दी गईं। सभा शुरू होने से पहले और मोदी के निकलने तक किसी को कोई सामान पंडाल के अंदर ले जाने की इजाजत नहीं दी गई।

पुलिस ने भरवाईं खाली कुर्सियां
पंडाल के अगले हिस्से में वीआईपी जोन बनाया गया था। इनमें कई कुर्सियां खाली थीं। दिल्ली पुलिस इन पर लोगों को बिठाती नजर आई। आयोजकों ने 50 हजार लोगों के जुटने का दावा किया। हालांकि, करीब 30 हजार लोग ही मौजूद थे। रैली में आने वालों का ढोल-नगाड़ों से स्वागत किया गया। कार्यकर्ता बसों में लोगों को लाते देखे गए। रैली स्थल के आसपास की इमारतों पर हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात थे।

आधे भाषण में खाली होने लगा पंडाल
मोदी का भाषण आधा ही हुआ था कि लोग पंडाल छोड़कर जाने लगे। कुछ लोगों को कहना था कि वो प्रधानमंत्री को देखने आए थे। भाषण में उनकी कोई रुचि नहीं थी। एक महिला का बच्चा पिछले दिनों खो गया था। वो यहां उसे खोजती नजर आई। 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में मोदी ने चार रैलियां की थीं। तब भाजपा ने 70 में से सिर्फ 3 सीटें जीती थीं। इस बार सिर्फ दो रैलियां कीं। रैली स्थल पर जो पोस्टर-बैनर लगाए गए थे, उनमें मोदी के अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी. नड्डा और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ही नजर आए। अमित शाह के पोस्टर या बैनर नहीं थे।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


मंगलवार को दिल्ली के द्वारका में रैली को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।