Home Hindi 24 घंटे में रिकॉर्ड 79 हजार से ज्यादा नए मरीज बढ़े, 60...

24 घंटे में रिकॉर्ड 79 हजार से ज्यादा नए मरीज बढ़े, 60 हजार लोग ठीक भी हुए, 960 संक्रमितों ने दम तोड़ा; अब तक 36.19 लाख केस

69
0

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा रविवार को 36 लाख के पार हो गया है। पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 79 हजार 457 नए मरीज सामने आए। इसके पहले शनिवार को सबसे ज्यादा 78 हजार 479 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। अब तक 36 लाख 19 हजार 169 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।

राहत की बात है कि इनमें 27 लाख 72 हजार 928 लोग ठीक भी हो चुके हैं। रविवार को 60 हजार 408 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज हुए। वहीं, अब तक 64 हजार 617 मरीजों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 960 लोगों ने जान गंवा दी।

महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 16 हजार, आंध्र प्रदेश में 10 हजार नए मरीज मिले

रविवार को सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 16 हजार 408 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7 लाख 80 हजार 689 हो गई है। आंध्र प्रदेश में 10 हजार 603 केस बढ़े। यहां अब तक 4 लाख 24 हजार 767 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। उधर, ओडिशा देश का 10वां राज्य हो गया है, जहां एक लाख से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं। यहां मरीजों की संख्या अब एक लाख 934 हो गई है।

तमिलनाडु में 30 सितंबर तक लॉकडाउन बढ़ा
तमिलनाडु में लॉकडाउन 30 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने रविवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि हर रविवार को लॉकडाउन से छूट दी जाएगी। हालांकि, इस बीच सभी धार्मिक स्थल, होटल, रिजॉर्ट को फिर से खोलने का भी आदेश दिया है।

15 दिन में 10 लाख से ज्यादा केस आए

बीते 15 दिनों में ही देखें तो कुल 10 लाख 14 हजार केस आए, करीब 9 लाख 4 हजार 964 मरीज ठीक हुए और 14 हजार 525 की मौत हो गई। इससे एक्टिव केस में सिर्फ 95 हजार की बढ़ोतरी हुई। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। देश में अब हर 10 लाख की आबादी में 29 हजार 234 लोगों का कोरोना टेस्ट हो रहा है। इनमें 2516 लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं।

15 दिनों में कोरोना के 10 लाख मामले

कोरोना अपडेट्स…

  • उत्तर प्रदेश में अनलॉक 4.0 के लिए राज्य सरकार ने रविवार को गाइडलाइन जारी कर दी। इसके मुताबिक अब 21 सितंबर से प्रदेश में सार्वजनिक कार्यक्रमों में 100 लोग शामिल हो पाएंगे। राज्य में मेट्रो ट्रेन भी शुरू हो सकेगी। ऑनलाइन एजुकेशन के लिए शिक्षकों को स्कूल बुलाने के लिए भी हरी झंडी मिल गई है।
  • मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन, फिल्म मेकर्स ने सिनेमा खोलने की मांग की है। मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने रविवार को इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा। एसोसिएशन ने कहा जब मेट्रो, जिम, मॉल, रेस्टोरेंट खोलने की अनुमति मिल सकती है तो सिनेमा हॉल क्यों नहीं खोला जा सकता है?
  • कर्नाटक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार और राजस्थान सरकार में परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों ने खुद को आइसोलेट कर लिया है।
  • छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ऑफिस तक कोरोना पहुंच गया है। रविवार को सीएम के ओएसडी (ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) और पीएसओ (पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर) की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुख्यमंत्री ने खुद इसकी जानकारी दी। बताया कि नियम के मुताबिक वह खुद कुछ दिन आइसोलेशन में रहेंगे।

पांच राज्यों के हाल
1. मध्यप्रदेश

राज्य में रविवार को संक्रमण के 1,558 नए मामले सामने आए। अब तक 62 हजार 433 लोग यहां संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 47 हजार 467 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 13 हजार 592 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। पिछले 24 घंटे में 29 मरीजों की मौत हो गई। भोपाल-इंदौर में 5-5,सागर में 3,बैतूल- जबलपुर-नीमच में 2-2 मौतें हुई हैं। इसी के साथ राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 1374 हो गया है।

2. राजस्थान

राज्य में रविवार को कोरोना के 1,450 नए मामले सामने आए। कुल पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 80 हजार 227 पहुंच गया। 24 घंटे में 13 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश में कोविड-19 के गंभीर रोगियों को आवश्यकता होने पर निजी अस्पतालों में भी नि:शुल्क उपचार मिल सकेगा।

3. बिहार

राज्य में रविवार को 1 लाख 70 हजार 19 टेस्ट किए गए। इसमें 2,078 लोग संक्रमित मिले हैं। अब तक 1 लाख 35 हजार 13 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। 24 घंटे में 9 लोगों ने दम तोड़ दिया। इसी के साथ मरने वालों का आंकड़ा अब 688 हो गया है।

4. महाराष्ट्र

राज्य में रविवार को संक्रमण के रिकॉर्ड 16 हजार 408 नए मामले सामने आए। 7 हजार 690 लोग डिस्चार्ज हुए और 296 मरीजों ने दम तोड़ दिया। राज्य में अब तक 7 लाख 80 हजार 689 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 1 लाख 93 हजार 548 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। 5 लाख 62 हजार 401 लोग ठीक हो चुके हैं और 24 हजार 399 मरीजों की मौत हो चुकी है।

5. उत्तरप्रदेश

राज्य में 24 घंटे में रिकॉर्ड 6,233 नए केस बढ़े हैं। इसी के साथ संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 2 लाख 25 हजार 632 हो गया है। रविवार को 67 मरीजों की मौत हुई है। अब तक यहां 3,423 लोग जान गंवा चुके हैं। अभी 54 हजार 666 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


फोटो केरल के कोझिकोड शहर की है। यहां कोरोना मरीज के शव को अंतिम संस्कार के लिए एंबुलेंस से ले जाते स्वास्थ्यकर्मी। केरल में अब तक 73 हजार से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, जबकि 288 मरीजों की मौत हो चुकी है।