Home Hindi संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 31 लाख के पार, एक दिन में 61...

संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 31 लाख के पार, एक दिन में 61 हजार नए केस बढ़े, 56 हजार लोग ठीक भी हुए; अब तक 57 हजार 691 की मौत

101
0

देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 31 लाख के पार हो गया। पिछले 24 घंटे में 61 हजार 602 नए मरीज मिले। अब तक 31 लाख 5 हजार 38 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। राहत की बात है कि इनमें 23 लाख 36 हजार 763 लोग ठीक भी हो चुके हैं। रविवार को 56 हजार 863 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं, 57 हजार 691 मरीजों की मौत हो चुकी है। अभी 7 लाख 10 हजार 31 मरीजों का इलाज चल रहा है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में रिकवरी रेट 75% के करीब पहुंच गया है। मंत्रालय ने बताया कि देश में अब हर रोज 50 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो रहे हैं।

इस बीच, एक दिन में ही टेस्टिंग की संख्या में करीब दो लाख की गिरावट दर्ज की गई है। देश में 21 अगस्त को 10 लाख 23 हजार से ज्यादा लोगों की जांच हुई थी। यह एक दिन में रिकॉर्ड टेस्टिंग की संख्या थी। जो 22 अगस्त को घटकर 8 लाख 1 हजार 147 पर पहुंच गई। आईसीएमआर के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक देश में 3 करोड़ 52 लाख 92 हजार 220 लोगों की जांच हो चुकी है।

केजरीवाल ने कहा- दिल्ली में अब हालात काबू में है

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सभी के सहयोग से दिल्ली में अब हालात काफी हद तक काबू में है। जिस तरह से दिल्ली ने संक्रमण से लड़ाई लड़ा, यह पूरी दुनिया में चर्चा का विषय है। दिल्ली में संक्रमण को रोकने के लिए केवल एक बार ही लॉकडाउन लगाया गया था और अनलॉक होने के बाद से लगातार हालात सामान्य करने में जुटे हैं।

अब सारे कामकाज शुरू हो चुके हैं। कोविड मैनेजमेंट के चलते ही यहां दोबारा लॉकडाउन लगाने की जरूरत नहीं पड़ी। केजरीवाल ने केंद्र सरकार से दिल्ली में फिर से मेट्रो शुरू करने की अनुमति भी मांगी। कहा कि अब समय आ गया है जब ट्रायल के तौर पर मेट्रो शुरू कर दिया जाए। मुझे उम्मीद है कि केंद्र सरकार जल्द ही इस पर फैसला लेगी।

73 दिनों में नहीं मिलेगी कोविशील्ड वैक्सीन

कोरोना अपडेट्स :

  • महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि जल्द ही राज्य सरकार इंटर और इंट्रा स्टेट मूवमेंट की पाबंदियों को हटा देगी। इस बाबत जल्द ही आदेश जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की तरफ से जो भी आदेश आए हैं उसके अनुसार पब्लिक और सामानों को राज्य के अंदर और राज्य के बाहर आवाजाही के लिए छूट बहाल कर दी जाएगी।

  • सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने कोविशील्ड वैक्सीन की उपलब्धता के बारे में मीडिया में किए जा रहे दावे को खारिज किया। बयान में कहा कि वैक्‍सीन बाजार में तभी आएगी, जब ट्रायल कामयाब होगा और रेगुलेटरी अप्रूवल मिल जाएगा। कुछ मीडिया रिपोर्ट में सीरम इंस्टीट्यूट के एक अधिकारी के हवाले से कहा गया था कि 73 दिन में कोविशील्ड उपलब्ध हो जाएगी। सायरस पूनावाला की कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की इस वैक्सीन के प्रोडक्शन का काम देख रही है। शनिवार से इसका तीसरे चरण का ट्रायल शुरू हुआ है।

  • दिल्ली के आर्मी हॉस्पिटल की ओर से रविवार को बताया गया कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है। प्रणब दा ने 10 अगस्त को ट्विटर पर अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी थी। वे ब्रेन में क्लॉटिंग की सर्जरी कराने गए थे, तभी जांच में उनके कोरोना संक्रमित होने का पता चला।
  • केंद्र सरकार ने फिल्म और टीवी सीरियल्स की शूटिंग के लिए रविवार को गाइडलाइन जारी कर दी। इसके कहा गया कि कैमरा फेस करने वाले कलाकारों को छोड़कर सेट पर मौजूद सभी लोगों को मास्क पहनना होगा।
  • झारखंड के कृषि मंत्री बादल पात्रलेख भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने रविवार को यह जानकारी दी।

पांच राज्यों के हाल

1. मध्यप्रदेश

राज्य में रविवार को संक्रमण के 1263 नए मामले सामने आए और 23 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या अब 1229 हो गई है। राज्य में अब तक 53129 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। अभी 11510 लोगों का इलाज चल रहा है। उधर, मुख्यमंत्री शिवराज चौोहान के बाद स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी भी संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने ट्विट करके इसकी जानकारी दी।

2. राजस्थान

राज्य में रविवार को 1345 नए मामले सामने आए। इनमें जोधपुर में सबसे ज्यादा 210 संक्रमित केस सामने आए। इसके बाद जयपुर में 193 केस, अलवर में 171 केस, कोटा में 138, बीकानेर में 128 नए केस, भीलवाड़ा में 93, सीकर में 71 नए मरीज मिले। अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 70609 पहुंच गया। वहीं, प्रदेश में रविवार को 11 लोगों की मौत हो गई। जिसके बाद कुल मौत का आंकड़ा 955 पहुंच गया।

3. उत्तरप्रदेश
राज्य में रविवार को 5,325 मरीज बढ़े। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या अब 1,87,781 हो गई है। इनमें 1,35,613 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 2,926 मरीजों की मौत हो गई। पिछले 24 घंटे में ही राज्य में 59 मौतें हुईं। पिछले 24 घंटों में अबतक की सबसे ज्यादा टेस्टिंग 1 लाख 30 हजार 445 की गईं। अब तक 45 लाख 15 हजार 619 टेस्टिंग हो चुकी हैं। प्रदेश में इस समय रिकवरी दर 72.21 फीसदी है। मृत्यु दर 1.56 फीसदी है। पॉजिटिविटी की दर भी 4.9 फीसदी है। यानि राष्ट्रीय मानक पांच फीसदी से कम है।

4. महाराष्ट्र

राज्य में रविवार को संक्रमण के 10441 नए केस सामने आए हैं। संक्रमितों का कुल आंकड़ा अब 6 लाख 82 हजार 383 पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में संक्रमण से 258 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या अब 22 हजार 253 हो गई है। रविवार को 8,157 लोग ठीक भी हो गए। अब 1 लाख 71 हजार 542 लोगों का इलाज चल रहा है, जबकि अब तक 4,88,271 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।

5. बिहार

राज्य में रविवार को 2247 नए मरीज मिले। अच्छी बात है कि पिछले तीन दिन से संक्रमित मरीजों की संख्या 2500 से कम हो गयी है। पिछले 24 घंटे में 3082 ठीक भी हो गए, जबकि नौ लोगों की मौत हो गई।राज्य में अबतक 1,22,156 कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई है। इसके साथ ही राज्य में अबतक 98,545 संक्रमित मरीज इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं और 610 लोगों की मौत हो चुकी है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


फोटो पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता की है। यहां स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रहे हैं। हर किसी के शरीर के तापमान और उनके खून में ऑक्सीजन की मात्रा की जांच हो रही है।