Home Hindi शाह ने पूछा- क्या केजरीवाल शर्जील इमाम के पक्ष में हैं, दिल्ली...

शाह ने पूछा- क्या केजरीवाल शर्जील इमाम के पक्ष में हैं, दिल्ली के सीएम का जवाब- उसे तुरंत गिरफ्तार करना आपका फर्ज

147
0

नई दिल्ली. गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को रिठाला में चुनावी रैली के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से सवाल किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल जनता को बताएं कि क्या वे जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के छात्र शर्जील इमाम के पक्ष में हैं? शाह ने कहा कि क्या केजरीवाल शाहीन बाग में प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ हैं, वे दिल्ली की जनता को इन बातों का जवाब दें। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर शाह को जवाब दिया कि शर्जील को तुरंत गिरफ्तार करना अमित शाह का फर्ज है।

शर्जील इमाम पर आरोप है कि उसने 13 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के सामने असम को देश से अलग करने की बात कही थी। उसके खिलाफ दिल्ली, असम, अरुणाचल, और उत्तर प्रदेश में देश द्रोह का केस दर्ज किया गया है। अगर वह इसका दोषी पाया जाता है, तो उसे उम्र कैद की सजा हो सकती है।

शाह का सवाल, केजरीवाल का जवाब

  • अमित शाह ने रिठाला की रैली में कहा- क्या दिल्ली के मुख्यमंत्री उन लोगों का समर्थन करते हैं, जो देश को बांटने की बात करते हैं। जब भी मैं पानी, बिजली और सीसीटीवी के मुद्दे पर कोई बात कहता हूं तो केजरीवाल तुरंत ट्वीट करते हैं। क्या अब वे दिल्ली के लोगों को बताएंगे कि क्या वे टुकड़े-टुकड़े गैंग को जेल भेजने के समर्थन में हैं? यह बात दिल्ली के लोगों को स्पष्ट कीजिए।
  • केजरीवाल ने ट्वीट पर जवाब दिया- शर्जील ने असम को देश से अलग करने की बात कही। ये गंभीर है। आप (शाह) देश के गृहमंत्री हैं। आपका ऐसा बयान निकृष्ट राजनीति है। यह आपका धर्म है िक आप उसे तुरंत गिरफ्तार करें। आप उसे गिरफ्तार क्यों नहीं कर रहे हैं? आपकी क्या मजबूरी है? या अभी और गंदी राजनीति करनी है?

अनुराग ठाकुर का वीडियो वायरल, कहा- देशद्रोहियों को गोली मार दो

सोशल मीडिया पर सोमवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का वीडियो वायरल हुआ। इसमें दिल्ली में एक रैली के दौरान ठाकुर यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि देशद्रोहियों को गोली मार दो। पिछले महीने कपिल मिश्रा ने भी कनॉट प्लेस में हुई भाजपा की तिरंगा रैली में यही नारा लगवाया था। हालांकि, दिल्ली भाजपा ने कपिल मिश्रा के इस बयान से पल्ला झाड़ लिया था। कपिल मिश्रा को भाजपा ने मॉडल टाउन से टिकट दिया है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


शर्जील इमाम को लेकर गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच सवाल-जवाब हुए।