Home Hindi राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के 2 विधायकों का इस्तीफा, 3 के...

राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के 2 विधायकों का इस्तीफा, 3 के मोबाइल बंद; पार्टी ने 14 विधायकों को जयपुर भेजा

105
0

गांधीनगर/जयपुर. गुजरात में राज्यसभा की 4 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में कांग्रेस को हॉर्स ट्रेडिंग की चिंता सता रही है।भाजपा ने अपने 3 उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। इस बीच,कांग्रेस के 2 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है। विजय रूपाणी सरकार में मंत्री कुंवरजी बावलिया इसकी पुष्टि की है।3 अन्य विधायकों के मोबाइल बंद आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये पांचों विधायक भाजपा को समर्थन दे सकते हैं।

कांग्रेस को डर है कि भाजपा तीसरी सीट जीतने के लिए हॉर्स ट्रेडिंग कर सकती है। इसलिए कांग्रेस के 14 विधायकों को जयपुर भेजा गया है। उम्मीद है कि 36 विधायकों को और भेजा जाएगा। सभी विधायकों को एक रिजॉर्ट में ले जाया गया है। विधायकों को मोबाइल न रखने की हिदायत दी गई है। वे परिवार या परिचित से मुलाकात भीनहीं कर सकते। राजस्थान में कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार को कांग्रेस हाईकमान सबसे सुरक्षित मानकर चल रही है। इसी कारण सभी विधायकों को राजस्थान लेकर आया जा रहा है। गुजरात में 26 मार्च को राज्यसभा के लिए मतदान होना है।

कांग्रेस: सभी 73 विधायकों को सुरक्षित रखने की यहप्लानिंग

  • 14 विधायक जयपुर भेजे।36 को और भेजा जाएगा। संभव है ये विधायक उदयपुर शिफ्ट किए जाएंगे।
  • अन्य 5 विधायकों को गुजरात में ही एक रिजॉर्ट में ले जाया जाएगा।
  • 15 से 18 विधायक गुजरात में रहेंगे और विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे।

ये 14 विधायक पहुंचे राजस्थान
लखाभाई भरवाड़ (वीरमगाम), पूनम परमार (सोजित्रा), जिनी बेन ठाकुर (वाव), चंदनजी ठाकुर (सिद्धपुर), रित्विक मकवाना (चोटिला), चिराग कालरिया (जामजोधपुर), बलदेव ठाकुर (कलोल), नाथाभाई पटेल (धनेरा), हिम्मतसिंह पटेल (बापूनगर), इंद्रजीत ठाकुर (महुधा), राजेश गोहिल (ढांढुका), हर्षद रिबदिया (विसावदर), अजीत सिंह चौहान (बालासिनोर) और कांति परमार (ठासरा) शामिल हैं।

भाजपा एक सीट खो सकती है
गुजरात विधानसभा में भाजपा के मौजूदा विधायकों की संख्या को देखते हुए राज्यसभा में उसके एक सीट खोने का डर है। ऐसे में कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का डर है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने शुक्रवार को कहा था कि कांग्रेस ने पाटीदार उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया और पार्टी में आपसी गुटबाजी भी है, इसका फायदाभाजपा को मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा तीनों सीटें जीतेगी। उधर, कांग्रेस नेता भरत सिंह सोलंकी ने कहा है कि राज्यसभा चुनाव में भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी।

गुजरात में राज्यसभा सीट जीतने का गणित
180 सीटों वाली गुजरात विधानसभा में भाजपा के 103 विधायक हैं। उसे राकांपाके एक और भारतीय ट्राइबल पार्टी(बीटीपी) के 2विधायकों का समर्थन है। ऐसे में उसके पास कुल 106 विधायकों का समर्थन है। कांग्रेस के पास 73 विधायक हैं। निर्दलीय जिग्नेश मेवाणी के समर्थन से उसका संख्याबल 74 का है। राज्य की एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 37 वोट की जरूरत होगी। ऐसे में भाजपा को 2और कांग्रेस को एक सीट आसानी से मिल जाएगी। चौथी सीट पर का फैसला दूसरी वरीयता के वोट से होगा। भाजपा 3सीट जीतने का दावा कर रही है। यही कारण है, जिसके चलते कांग्रेस को विधायकों के टूटने का डर सता रहा है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


गुजरात के कांग्रेस विधायकों को बस से शनिवार देर रात जयपुर में शिव विलास रिजॉर्ट पहुंचाया गया।