खेल डेस्क. विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैच की सीरीज के तीसरे वनडे में नाबाद 114 रन की पारी खेली। यह उनके करियर का 43वां शतक है। इस दौरान कोहली एक दशक में 20 हजार रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 2010 के दशक में20018 रन बनाए। कोहली ने एक दशक में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोटिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पोंटिंग ने2000 के दशक 18962 रन बनाए थे।
कोहली ने वेस्टइंडीज में चौथा शतक लगाया। वे विंडीज में सबसे ज्यादा 4 शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर मैथ्यू हेडन का रिकॉर्ड तोड़ा। हेडन ने 3 शतक लगाए थे। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी हाशिम अमला और इंग्लैंड के जो रूट के नाम भी 3-3 शतक हैं।
भारत के तीन बल्लेबाजों ने एक दशक में 15 हजार से ज्यादा रन बनाए
भारत के लिए कोहली के अलावा दो अन्य बल्लेबाजों ने एक दशक में 15 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। सचिन तेंदुलकर ने2000 के दशक में 15962 और राहुल द्रविड़ ने भी उसी दशक में 15853 रन बनाए थे। एक दशक में 15 से ज्यादा रन बनाने वालों में भारत के 3, श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के 2-2 और ऑस्ट्रेलिया के एक बल्लेबाज हैं।
बल्लेबाज | देश | दशक | रन |
विराट कोहली | भारत | 2010s | 20018 |
रिकी पोंटिंग | ऑस्ट्रेलिया | 2000s | 18962 |
जैक्स कालिस | दक्षिण अफ्रीका | 2000s | 16777 |
महेला जयवर्धने | श्रीलंका | 2000s | 16304 |
कुमार संगकारा | श्रीलंका | 2000s | 15999 |
सचिन तेंदुलकर | भारत | 2000s | 15962 |
राहुल द्रविड़ | भारत | 2000s | 15853 |
हाशिम अमला | दक्षिण अफ्रीका | 2010s | 15185 |
कोहली कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज
वनडे में कप्तान के तौर पर कोहली ने 21वां शतक लगाया। वे इस मामले में दूसरे स्थान पर हैं। कप्तान के तौर पर उनसे ज्यादा शतक पोंटिंग ने लगाए। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने 22 शतक के लिए 220 पारियां खेलीं थी। कोहली ने सिर्फ 76 पारियों में ही 21 शतक लगा दिए।
कप्तान | देश | पारी | शतक |
रिकी पोंटिंग | ऑस्ट्रेलिया | 220 | 22 |
विराट कोहली | भारत | 76 | 21 |
एबी डीविलियर्स | दक्षिण अफ्रीका | 98 | 13 |
सौरव गांगुली | भारत | 143 | 11 |
कोहली एक टीम के खिलाफ 9 शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज
कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 9वां शतक लगाया। वे किसी एक टीम के खिलाफ 9 शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय हैं। उन्होंने सचिन की बराबरी की। तेंदुलकर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 70 पारियों में 9 शतक लगाए थे। कोहली ने सिर्फ 35 पारियों में ही उनकी बराबरी कर ली। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ 8-8 शतक लगाए हैं। सचिन ने श्रीलंका के खिलाफ 8 शतक लगाए थे।