Home Hindi अब तक 99 मामले: महाराष्ट्र में 31 मार्च तक शॉपिंग मॉल बंद;...

अब तक 99 मामले: महाराष्ट्र में 31 मार्च तक शॉपिंग मॉल बंद; मोदी आज सार्क नेताओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आपदा पर चर्चा करेंगे

91
0

नई दिल्ली.देश में कोरोनावायरस के अब तक 99 मामलों की पुष्टि हुई है। 13 राज्यों में कोरोना का संक्रमण फैल चुका है। महाराष्ट्र मेंशनिवार तक सबसे ज्यादा 26 संक्रमित मिले। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने संक्रमण रोकने के लिए 31 मार्च तक राज्य के सभी शॉपिंग मॉल को बंद रखने का आदेश दिया है। रविवार से ही महाराष्ट्र में कोई शॉपिंग मॉल नहीं खुलेगा। राज्यमें सिनेमा हॉल और स्कूलपहले ही बंद किए जा चुके हैं। इस बीच, कोरोना संकट पर चर्चा के लिएप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीरविवार शाम 5 बजे सार्क देशों के नेताओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे। इसमें पाकिस्तान, नेपाल, अफगानिस्तान, श्रीलंका, मालदीव, बांग्लादेश और भूटान के नेता शामिल होंगे। मोदी ने ही सार्क देशों से चर्चाकी पहल की थी।

राज्य सरकारों की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश मेंअब तक संक्रमण के99मामले सामने आए हैं, जबकिकेंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 84 मामलों की ही पुष्टि की है। उधर, केंद्र सरकार ने 3 अप्रैल को राष्ट्रपति भवन में होने वाले पद्म पुरस्कार समारोहकोस्थगित कर दिया है।लोकसभा सचिवालय ने भी संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए एहतियात के तौर पर दर्शक दीर्घा पास और संसद परिसर में घूमने की अनुमति रद्द कर दी है।

महाराष्ट्र में एक संदिग्ध मरीज की मौत

महाराष्ट्र के बुलढाणा में सऊदी अरब से लौटे एक 71 साल के संदिग्ध की मौत हो गई।बुजुर्ग को शुक्रवार को ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसकी रिपोर्ट रविवार शाम तक आ सकती है। उधर, राजस्थान में स्पेन से लौटे एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 4 हो गई। वहीं,उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पिता और बेटा कोरोना पॉजिटिव पाए गए। तेलंगाना में दो मामले सामने आ चुके हैं।

मुंबई और बेंगलुरु में शॉपिंग मॉल और सिनेमा हॉल बंद कर दिए गए हैं।

अब तक 10 लोग ठीक हुए, किया गया डिस्चार्ज

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना से संक्रमित 10 लोगों को अब तक ठीक हो चुकेहैं। इसमें उत्तर प्रदेश के 5, केरल के तीन, राजस्थान व दिल्ली के एक-एक मरीज शामिल हैं। इन्हें इलाज के बाद हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किया जा चुका है।संक्रमण रोकने के लिए गोवा में स्कूल-कॉलेजों के साथ पर्यटकों के बीच लोकप्रिय कसीनो, बोट बार और डिस्को क्लब 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। वहीं,मुंबई और बेंगलुरु में शॉपिंग मॉल और सिनेमाघर बंद हैं।उधर, इन्फोसिस ने बेंगलुरु स्थित अपना सैटेलाइट ऑफिस अगले आदेश तक बंद कर दिया है। कंपनी के कुछ कर्मचारी एक संदिग्ध मरीज के संपर्क में आए थे।

अपडेट्स

  • आईआईटी कानपुर, दिल्ली, खड़गपुर और मद्रास ने 31 मार्च तक सभी परीक्षाएं, कक्षाएं रद्द कर दी हैं। आईआईटी दिल्ली ने छात्रों को हॉस्टल खाली करने का आदेश दिया है।
  • उत्तर प्रदेश में कोरोनावायरस की जांच के लिए पांच लैब स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि लखनऊ में दो जबकि अलीगढ़, वाराणसी और गोरखपुर में एक-एक लैब स्थापित किए गए हैं।
  • हालात से निपटने के लिए मध्यप्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गोवा, पश्चित बंगालसमेत 15 राज्यों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।
  • कोरोनावायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए3 अप्रैल तक चलने वाला सत्र भी18 मार्च को स्थगित हो सकता है। तीन सांसदों ने पीएम को पत्र लिखकर सत्र समाप्त करने को कहा है। सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल जरूरी केसों की ही सुनवाई करने का फैसला लिया है।
  • सिद्धी विनायक मंदिर ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश से पहले हैंड सैनिटाइजर देने का फैसला लिया है।
  • राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने बेंगलुरु में होने वाली अपनी अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा को स्थगित कर दिया।
  • तिहाड़ जेल प्रशासन ने सभी कैदियों की जांच के आदेश दिए हैं। जेल में ही आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। यहां कोरोना के लक्षण वाले कैदियों को रखा जाएगा। मौजूदा समय यहां 17500 कैदी हैं।
  • नागपुर के मेयो अस्पताल से कोरोना वायरस के 5 संदिग्ध मरीज भाग गए।इनमें 1 की रिपोर्ट निगेटिवथी जबकि, 4 की रिपोर्ट आना बाकी था। इनमें से तीन वापस आ गए हैं। पुलिस ने कोरोना वार्ड के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है।
  • इटली में फंसे 21 भारतीय नागरिकों को लेकर एयर इंडिया का विमान शनिवार सुबह कोच्चि एयरपोर्ट पर पहुंचा। सभी लोगों को जांच के लिए अलुवा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मास्क की कालाबाजारी पर अब 7 साल की सजा
कोरोनावायरस संक्रमण के बढ़ते असर को देखते हुए भारत सरकार ने शुक्रवार को बड़ा कदम उठाया औरएन 95 मास्क और हैंड सैनिटाइजर कोआवश्यक वस्तु श्रेणी में शामिल कर लिया है ताकि इनकी कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके। इस कदम के बाद केंद्र और राज्य कोरोनावायरस के बचाव के काम में आने वाली इन चीजों के उत्पादन, गुणवत्ता और डिस्ट्रिब्यूशन को नियंत्रित कर सकेंगे। सरकार ने कहा है कि ये आदेश 30 जून महीने के आखिर तक प्रभावी रहेगा। इसमें मास्क (2 प्लाई और 3 प्लाई सर्जिकल मास्क, N95 मास्क) और हैंड सेनिटाइजर्स को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रखा गया है। इस अधिनियम का उल्लंघन करने पर 7 साल तक की सजा का प्रावधान है।

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में सरकारी स्कूल के बच्चे मास्क पहनकर स्कूल गए।

आईपीएल 15 अप्रैल तक टला, दक्षिण अफ्रीका सीरीज रद्द
बीसीसीआई ने आईपीएल को 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया है। पहले यह टूर्नामेंट 29 मार्च से होना था, लेकिन कोरोनोवायरस और विदेशियों के वीजा पर प्रतिबंध होने की वजह से बीसीसीआई ने फिलहाल इसे नहीं कराने का फैसला लिया है। भारत दौरे पर आई दक्षिण अफ्रीकी टीम के 15 और 18 मार्च को खेले जाने वाले दोनों वनडे रद्द कर दिए गए हैं। 12 मार्च कापहला मैच भी बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था।

राज्यों में स्थिति

मध्य प्रदेश: सरकार ने 12वीं तक के सभी स्कूल, यूनिवर्सिटी बंद कर दिएहैं। हालांकि स्कूल शिक्षा विभाग के मुताबिक,10वीं और 12वीं की परीक्षाएं यथावत जारी रहेंगी। इसके अलावा 15 मार्च से भोपाल के ऐशबाग, ध्यानचंद स्टेडियम और साई सेंटर पर होने वाले नेशनल हॉकी टूर्नामेंट को भी टाल दिया गया है। 31 मार्च तक सिनेमा घर भी बंद कर दिए गए हैं। राजधानी में शुक्रवार को दुबई से मुंबई होते हुए तीन यात्रियों के भोपाल आने की खबर से हड़कंप मच गया।

भोपाल: जेपी अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में अभी पुताई ही चल रही है।

उत्तर प्रदेश: सरकार ने 22 मार्च तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर परीक्षाएं चल रही हैं तो स्कूल बंद नहीं होंगे। अभी तक उत्तरप्रदेश में संक्रमण के 11 मामले सामने आ चुके हैं।

राजस्थान:प्रदेश में सरकार ने कोरोना को महामारी घोषित कर दिया है। विधानसभा 26 मार्च तक के लिए स्थगित करदी गई। प्रदेश के सभी सरकारी व निजी स्कूल, मॉल, सिनेमाहॉल, जिम और कोचिंग सेंटर भी 30 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। सीएम अशोक गहलोत ने ये आदेश दिए। हालांकि, बाेर्ड सहित अन्य परीक्षाएं यथावत रहेंगी। राज्य निर्वाचन आयाेग की ओर से जयपुर, काेटा व जाेधपुर के 2-2 नगर निगमाें में 5 अप्रैल काे चुनाव कराए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।

छत्तीसगढ़: सरकार ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र को ही 17 से 25 मार्च तक 10 दिन के लिए स्थगित कर दिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार की एडवायजरी को ध्यान में रखते हुए स्कूल-कॉलेजों के साथ-साथ आंगनबाड़ियों, लाइब्रेरी, जिम और सभी स्वीमिंग पूल भी 31 मार्च तक बंद रखे जाएंगे।

दिल्ली: केजरीवाल सरकार ने भी कोरोना को महामारी घोषित किया है। यहां 31 मार्च तक स्कूल-कॉलेज और सिनेमा हॉल बंद रहेंगे। खेल से जुड़े सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। जवाहरलाल नेहरू और जामिया यूनिवर्सिटी ने 31 मार्च तक सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है। परीक्षाएं, लेक्चर, कॉन्फ्रेंस, सेमिनार और वर्कशॉप रद्द कर दिए हैं। राष्ट्रपति भवन संग्रहालय परिसर को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है।

पंजाब:फरीदकोट में नौसेना के जवान समेत 2 व रायकोट में इटली से लौटी महिला को संदिग्ध मान भर्ती किया गया है। शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला व उच्च शिक्षा मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने आंगनबाड़ी, सभी स्कूल, यूनिवर्सिटी, कॉलेज 31 मार्च तक बंद करने का एलान किया। हालांकि, परीक्षाएं तय कार्यक्रम अनुसार होंगी। एनआईआईटी ने मिड सेमेस्टर ब्रेक 28 मार्च तक बढ़ा दी।

बिहार: सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। सरकारी स्कूलों के बंद रहने तक इनमें पढ़ने वाले बच्चों के मिड-डे- मील के पैसे उनके बैंक खाते में आएंगे। 22 मार्च को बिहार दिवस पर होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द किए गए।

पटना के मॉल में पसरा सन्नाटा।

हरियाणा: हरियाणा ने कोरोनावायरस को महामारी घोषित कर दिया है। यह 1 साल की अवधि के लिए मान्य रहेगा। हरियाणा ऐसा करने वाला पहला राज्य है। रोहतक में कोर्ट ने प्राइमरी स्कूलों में 2 हफ्ते की छुट्‌टी करने के आदेश दिए हैं।

उत्तरखंड: सरकार ने सभी स्कूल बंद कर दिए हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सभी होटलों को एडवाइजरी जारी की है। विदेशियों को ठहराने से पहले सभी ऐहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।
ओडिशा: सरकार ने कोरोनावायरस को आपदा घोषित किया है। 31 मार्च तक राज्य में सभी स्कूल बंद रहेंगे। सिर्फ परीक्षा के लिए स्कूल खोलने की छूट दी गई है। सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पुल और जिम भी बंद रहेंगे। गैर-जरूरी सेमिनार, वर्कशॉप और कॉन्फ्रेंस भी 31 मार्च तक नहीं होंगे। धार्मिक कार्यक्रमों, शादी, रिसेप्शन और पार्टी स्थानीय अधिकारियों की देखरेख में होंगे। विधानसभा की कार्यवाही 29 मार्च तक स्थगित कर दी गई है।

कर्नाटक: मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने सभी मॉल, सिनेमा हॉल, पब, शादी समारोह और बड़े पैमान पर होने वाले गतिविधियों पर अगले एक सप्ताह तक रोक लगा दी है।गूगल के बेंगलुरु ऑफिस में एक कर्मचारी में कोरोनावायरस के लक्षण दिखाई दिए। उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। कंपनी ने सभी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा है। राज्य में संक्रमण से पहली मौत हुई है। यहां मंगलवार को एक 75 वर्षीय संदिग्ध की मौत हो गई थी। गुरुवार को आई रिपोर्ट में उसे कोरोनावायरस पॉजिटिव बताया गया।

जम्मू-कश्मीर: स्पोर्ट्स काउंसिल ने 31 मार्च तक सभी खेल गतिविधियों पर रोक लगा दी है। शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ने अपने सभी कर्मचारियों की छुट्‌टी रद्द कर दी है, जिससे मेडिकल सेवाएं बाधित नहीं हो।जम्मू के सभी शॉपिंग मॉल, जिम, स्विमिंग पूल, मनोरंजक क्लब तत्काल प्रभाव से बंद रहेंगे।

मणिपुर: स्कूल-कॉलेज 31 मार्च तक बंद किए गए हैं। यहां शुक्रवार को होने वाला गृह मंत्री अमित शाह का दौरा भी रद्द किया गया। मणिपुर में म्यांमार सीमा से होने वाले व्यापार भी फिलहाल रोक लगा दी गई है।
केरल: सरकार ने विधानसभा की कार्यवाही 8 अप्रैल तक स्थगित की। एडवाजयरी जारी की गई।
महाराष्ट्र: सरकार ने स्कूलों में मास्क बांटने और सार्वजनिक स्थानों पर सैनिटाइजर उपलब्ध करवाने का ऐलान किया। पुणे और पिंपरी-चिंचवड में दो हफ्ते तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

सरकार ने अब तक क्या कदम उठाए?

  • केंद्र सरकार ने कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के बाद बुधवार को यात्रा और वीजा से जुड़े प्रतिबंध लगाए थे। इसके तहत भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के वीजा 13 मार्च से 15 अप्रैल तक के लिए सस्पेंड कर दिए गए हैं।
  • स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक देश के एयरपोर्ट्स पर विदेशों से आए 10 लाख 57 हजार 506 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।
  • सामुदायिक निगरानी के लिए 35 हजार लोगों को तैनात किया गया है। संक्रमित लोगों को ट्रैक करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।
  • 17 जनवरी को सबसे पहले 7 एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग शुरू की गई थी, जो अब बढ़ाकर 30 कर दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने सांसदों से अपील की कि वे अपने चुनाव क्षेत्र में कोरोनावायरस को लेकर जागरूकता फैलाएं।
  • हर्षवर्धन के मुताबिक, देश में कोरोनावायरस की जांच के लिए 51 लैब और 56 कलेक्शन सेंटर बनाए गए हैं। 100 कोऑर्डिनेशन सेंटर हैं।
  • भारत सरकार ईरान में वैज्ञानिक, लैबोरेटरी और उपकरण भेजेगी। ईरान ने कहा था कि उनके पास जांच की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
  • संक्रमितों के लिए 7 और क्वारेंटाइन सेंटर जैसलमेर, सूरतगढ़, झांसी, जोधपुर, देओलाली, कोलकाता और चेन्नई में बनाए गए।
  • सभी राज्यों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
  • सरकार ने भारत-बांग्लादेश के बीच बस और ट्रेन सेवाएं 15 अप्रैल तक रोक दी हैं। भारत-नेपाल सीमा पर 4 चेकपोस्ट खुले रहेंगे। भूटान और नेपाल के लोगों के लिए वीजा फ्री एंट्री जारी रहेगी।
  • एयर इंडिया की इटली, फ्रांस, जर्मनी, स्पेन, दक्षिण कोरिया और श्रीलंका की उड़ानें 30 अप्रैल तक रद्द।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


Coronavirus Delhi Kerala | Coronavirus India Cases Latest News Today Updates March 14th; Madhya Pradesh Uttar Pradesh Rajasthan Chhattisgarh Delhi School Closed


बच्चे को संक्रमण से बचाने के लिए उसे भी मास्क पहनाया गया।


हैदराबाद के गांधी अस्पताल में मास्क पहनकर पहुंचे लोग।


जम्मू के स्कूल में एसेंबली के दौरान मास्क पहने हुए बच्चे।


दिल्ली के जनपथ मार्केट में मास्क पहनकर खरीदारी करने आए लोग।


हैदराबाद एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग कराते हुए मंत्री हरदीप सिंह पुरी।


जागरुकता कार्यक्रम में हाथ धोते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक।


मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में पुजारी मास्क पहने दिखे।