Home Hindi अब तक 724 मामले: भीलवाड़ा में कल जान गंवाने वाले व्यक्ति के...

अब तक 724 मामले: भीलवाड़ा में कल जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार के 2 सदस्य पॉजिटिव; राजस्थान में अब 45 संक्रमित

78
0

नई दिल्ली. कोरोनावायरस संक्रमण के मामले राजस्थान के भीलवाड़ा में तेजी से फैल रहा है। यहां कल जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार के दो और सदस्य संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 45 हो गई है। इनमें से अकेले भीलवाड़ा में ही 21 मरीज हैं। उधर, अंडमान-निकोबार में दूसरा कोरोना पॉजिटिव मिला है। इससे पहले गुरुवार को यहां चेन्नई से लौटे एक व्यक्ति को संक्रमित पाया गया था। देश में कोरोनावायरस संक्रमण के अब तक 724 मामले सामने आ चुके हैं। 19 लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 6 लोगों ने दम तोड़ा।

राज्यों के हाल

  • महाराष्ट्र: नागपुर के फार्मोसिस्ट का कहना है कि 13-14 रुपए में मास्क खरीदकर 10 रुपए में बेचना नामुमकिन है। बाजार में मास्क की कमी है। इसकी कालाबाजारी हो रही है। सरकार को कुछ कानून बनाना चाहिए, ताकि यह आम लोगों को मुहैया हो सकें। हालांकि, सैनिटाइजर उपलब्ध है। यह सरकार की ओर से तय कीमत पर ही बेचा जा रहा है। उधर, जलगांव में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। वह लॉकडाउन के दौरान बाइक चलाते हुए खुद को वीडियो बना रहा था। राज्य के शिवसेना सांसदों ने अपना एक महीने का वेतन प्रधानमंत्री राहत कोष में दान देने का ऐलान किया है।
  • उत्तरप्रदेश: दूसरे प्रदेशों से आने वाले दिहाड़ी मजदूरों का पलायन जारी है। राजस्थान के दौसा के ऐसे ही कुछ मजदूर अपने घरों के लिए पैदल ही निकल पड़े हैं। इनमें से एक रामलाल का कहना है, ‘‘हम दिहाड़ी मजदूर है। यहां खाने का कोई इंतजाम नहीं है। हम यहां एक पार्क में रहते थे। हमें दौसा पहुंचने में तीन दिन लगेंगे।’’
  • दिल्ली: सैनिटाइजेशन के काम में लगे दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों का कहना है कि हम आम दिनों की तरह ही अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। हमें नगर निगम की ओर से मास्क और ग्लोव्ज उपलब्ध कराए गए हैं।
  • आंध्रप्रदेश: कृष्णा जिले के म्यलावरम में क्वारैंटाइन नियमों का उल्लंघन करने पर दो एनआरआई के खिलाफ केस दर्ज किया गया। दोनों 14 मार्च को अमेरिका से लौटे थे। शुक्रवार को वे घर पर नहीं मिले।
  • बिहार: राज्य में दो और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से एक सिवान का रहने वाला है, जो हाल ही में दुबई से लौटा था। दूसरा नालंदा का है वह भी विदेश से आया था। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या 9 हो गई है।
  • केरल: कोल्लम के सब-कलेक्टर ने क्वारैंटाइन नियमों का उल्लंघन किया है। वे 19 मार्च को विदेश से लौटे थे, लेकिन क्वारैंटाइन किए जाने के बाद कानपुर चले गए। कलेक्टर का कहना है कि इस संबध में राज्य सरकार को चिट्‌ठी लिखी गई है।
  • तेलंगाना: राज्य में एक और कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। संक्रमित पाया गया व्यक्ति हाल ही में दिल्ली से लौटा था। उसकी हालत स्थिर है और उसे आइसोलेशन में रखा गया है। 27 मार्च सुबह 8 बजे तक राज्य में संक्रमितों की संख्या 45 हो गई है।

जुमे की नमाज घरों में पढ़ने की अपील

संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए देशभर में लगाए गए लॉकडाउन में लोग सहयोग कर रहे हैं। मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने अपील की है कि आज जुमे की नमाज मस्जिदों में पढ़ने की बजाय घरों पर ही पढ़ें।

गाजियाबाद में लॉकडाउन में पलायन के दौरान अपने बच्चों को कांधों पर बैठाकर घर की ओर बढ़ता पिता।

अमृतसर में एक और पिंपरी चिंचवड़ में दो मरीज ठीक हुए
अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर शिवदुलार सिंह ढिल्लन का कहना है कि यहां कोरोनावायरस संक्रमण के पहले मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्हें शुक्रवार को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। उन्हें गुरुनानक देव हॉस्पिटल के आईसोलेशन वार्ड में रखा गया था। वे हाल ही में इटली से लौटे थे। महाराष्ट्र में पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड़ में भी दो मरीज ठीक हुए हैं। उनकी भी आज छुट्‌टी होगी। पिंपरी चिंचवाड़ के नगरीय निकाय कमिश्नर श्रवण हार्डीकर ने कहा कि अब पुणे जिले में सिर्फ 32 पॉजिटिव हैं। 5 ठीक हो चुके हैं।

21 दिन के लॉकडाउन के बाद दिल्ली से अपने घर को पैदल लौटते मजदूर।

भारत की सार्क देशों से साझा इलेक्ट्रॉनिक प्लेटफॉर्म बनाने की पेशकश
सार्क देशों के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशकों की गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हुई। भारत की अध्यक्षता में हुए इस सम्मेलन में कोरोनावायरस के मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें भारत ने एक कॉमन इलेक्ट्रॉनिक प्लेटफॉर्म बनाने का प्रस्ताव रखा है। इस पर कोरोनावायरस से बचाव के लिए सूचना, जानकारी, विशेषज्ञता और एकजुट प्रयासों को साझा किया जा सकेगा। बताया कि इस प्लेटफॉर्म को बनाने का काफ काम पहले ही हो चुका है। भारत ने यह प्रस्ताव भी रखा कि जब तक इलेक्ट्रॉनिक प्लेटफॉर्म चालू नहीं होता, तब तक ईमेल/व्हॉट्सऐप पर रियल टाइम में सूचना साझा की जा सकती है।

श्रीनगर में ट्रेवल हिस्ट्री छिपाने पर 180 से ज्यादा क्वारैंटाइन किए गए
श्रीनगर में ट्रेवल हिस्ट्री छिपाने वाले 180 लोगों की पहचान की गई है। इन्हें पिछले हफ्ते श्रीनगर में क्वारैंटाइन सेंटर में भेज दिया गया। हालांकि, मीडिया में यह जानकारी शुक्रवार को आई। श्रीनगर के जिला प्रशासन ने ट्वीट किया- उम्मीद करें, इनमें से कोई भी पॉजिटिव न हो, क्योंकि जो हालात हैं उनमें स्पष्ट रूप से कुछ भी कहना मुश्किल है।

नासिक से कानपुर पहुंची विशेष ट्रेन
महाराष्ट्र के नासिक से 200 लोगों को लेकर विशेष ट्रेन कानपुर पहुंची। यहां सभी लोगों की स्क्रीनिंग की गई और उन्हें 14 दिन क्वारैंटाइन रहने की सील लगाई गई। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि वे उत्तरप्रदेश में रहने वाले बिहार के लोगों की सुरक्षित घर पहुंचाएंगे। उनकी इस संबंध में गुरुवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से फोन पर बात हुई है।

नागपुर में काजल लॉकडाउन के दौरान कुत्तों को खाना खिला रही हैं।

प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से हालात का जायजा लेने को कहा

प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से कहा है कि कोरोना संक्रमण को देश में फैलने से रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों की कमान अपने हाथ में लें।न्यूज एजेंसी ने प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। इसके मुताबिक, पीएमओ से जारी पत्र में मंत्रियों से कहा गया है किगरीब-निराश्रित लोगों के भोजन-पानी-आश्रय की व्यवस्थासुनिश्चित हो। क्षेत्रों में मौजूद राशन दुकानों में जरूरी सामान, राशन आदि की भी कमी न हो। दुकानदार किसी भी स्थिति में जनता से ज्यादा कीमत वसूल न करें। इन हालात में एक नेता के तौर पर आगे आकर स्थिति से निपटने का हौसला दिखाएं।

दिल्ली से पलायन कर रहे मजदूरों में शामिल महिला।

‘अभी इसे हल्के में नहीं ले सकते’

स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया, ‘‘24 घंटे में कोरोनो के 42 नए मामले सामने आए। 4 मौतें हुई हैं। कुल मामलों की संख्या 650 के पार हो गई है। सोशल डिस्टेंसिंग जरूरी है।इससे चेन ऑफ ट्रांशमिशन को तोड़ सकते हैं। अभी भी सतर्कता बरतने की जरूरत है।लापरवाही न करें। राज्यों और जिलों में लॉकडाउन 100% फॉलो किया जाए। सारे लोग नैतिक जिम्मेदारी दिखाते हुए इसमें सहयोग करें। पॉजिटिव केस में नंबर बढ़ रहे हैं, मौतें भी हो रही हैं। कोरोना संक्रमण की दर में कमी आई है, लेकिन इसे हल्के में नहीं ले सकते। राज्यों को हमने कोरोना के लिए हॉस्पिटल बनाने के लिए कहा है। 17 राज्य में कार्य शुरू भी हो चुका है। डॉक्टरों के लिए ऑनलाइन ट्रेनिंग शुरू की गई है। आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी ट्रेनिंग दी जा रही है।’’

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


दिल्ली से दिहाड़ी मजदूरों का अलग-अलग राज्यों में पलायन जारी है।


गाजियाबाद से लॉकडाउन के कारण घर को लौटते मजदूर।