Home Hindi 24 घंटे में मरीजों से ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी,...

24 घंटे में मरीजों से ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी, 59 हजार संक्रमित मिले और 66 हजार लोग ठीक हुए, देश में अब तक 31.64 लाख केस

85
0

देश में कोरोना मरीजों की संख्या 31 लाख 64 हजार 559 हो गई है। राहत की बात है कि इनमें 24 लाख 3 हजार 101 लोग ठीक हो चुके हैं। सोमवार को सबसे अच्छी बात रही कि 24 घंटे के अंदर जितने नए मरीज बढ़े उससे 6 हजार ज्यादा लोग ठीक हो गए।

आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को 59 हजार 375 नए केस बढ़े, जबकि ठीक होने वालों की संख्या 66 हजार 305 रही। उधर, 851 मरीजों की मौत भी हो गई। इसी के साथ मरने वालों की संख्या अब 58 हजार 546 हो गई है। पिछले 24 दिनों में 21,992 मरीजों की मौत हो चुकी है।
कर्नाटक में यात्रियों के लिए नई गाइडलाइन जारी

कर्नाटक सरकार ने इंटर स्टेट यात्रा करने वालों के लिए रिवाइज्ड गाइडलाइन जारी कर दी है। इसके मुताबिक यात्रियों को कई तरह की छूट दी गई है। यात्रियों के लिए अब इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन अनिवार्य नहीं होगा। इसके अलावा सेवा सिंधु पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन, स्टेट बॉर्डर, बस और रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट पर मेडिकल चेकअप भी नहीं होगा। यात्रियों के हाथों पर लगाया जाने वाला स्टैंप भी अब नहीं लगाया जाएगा।

टेस्टिंग की संख्या में तीन दिन से गिरावट

उधर, देश में हर रोज हो रही टेस्टिंग की संख्या में लगातार गिरावट हो रही है। 21 अगस्त को 10 लाख से ज्यादा टेस्ट करके सरकार ने नया रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद से लगातार इसमें गिरावट दर्ज की जा रही है। 22 अगस्त को 8 लाख टेस्ट हुए और अब 23 अगस्त को 6 लाख लोगों की जांच हुई। तीन दिनों में 4 लाख टेस्ट की गिरावट दर्ज की गई है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री और स्पीकर कोरोना संक्रमित पाए गए

इस बीच, हरियाणा विधानसभा सत्र के दो दिन पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर और विधानसभा स्पीकर ज्ञान चंद्र गुप्ता कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। खट्‌टर ने लिखा, आज मैंने कोरोना का टेस्ट कराया और रिपोर्ट पॉजिटिव है। मैं उन सभी से अपील करता हूं जो मेरे संपर्क में आए हैं वो खुद को तुरंत आइसोलेट कर लें और टेस्ट कराएं।

इसके पहले हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद्र गुप्ता ने भी खुद के संक्रमित होने की जानकारी दी थी। उन्होंने ट्वीट करके बताया, ”कल मैंने अपना कोविड-19 टेस्ट करवाया था और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है परन्तु डॉक्टर्स की सलाह पर होम क्वारैंटाइन हो रहा हूं। मेरा अनुरोध है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आयें हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं।”

कोरोना अपडेट्स

  • देश में कोरोना वैक्सीन के लिए केंद्र सरकार मिशन कोविड सुरक्षा योजना लाने की तैयारी कर रही है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, डिपार्टमेंट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी ने इसका प्रस्ताव सरकार को भेजा है। इस मिशन का उद्देश्य देश में कोरोना की कम से कम 6 वैक्सीन को तैयार करना और उसे लाइसेंस दिलाना और मार्केट में लॉन्च करना होगा। हालांकि अभी इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
  • देश में कोरोना संक्रमण के मिलने की दर में गिरावट देखी गई है। जुलाई के अंत तक हर 100 टेस्ट में 12 से ज्यादा मरीज मिलने लगे थे, अब करीब 7 मरीज मिल रहे हैं। यानी संक्रमण की दर 6.7% रह गई है। इसका सबसे बड़ा कारण टेस्ट बढ़ना है।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार सुबह अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, रविवार को 61 हजार 408 मरीज मिले। 57 हजार 468 लोग स्वस्थ हो गए। वहीं, 836 लोगों की जान गई। इसके साथ देश में संक्रमितों की संख्या 31 लाख 6 हजार 349 हो गई है। इनमें 23 लाख 38 हजार लोग 36 स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, देश में अब तक 57 हजार 542 मरीज दम तोड़ चुके है।

पांच राज्यों का हाल

1.मध्यप्रदेश:

राज्य में सोमवार को संक्रमण के एक दिन में सर्वाधिक 1292 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या 54,421 हो गई है। राज्य में पिछले 24 घंटे में 17 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या अब 1,246 हो गयी है।

अब तक 41,231 मरीज ठीक हो चुके हैं और 11,944 लोगों का इलाज चल रहा है। सोमवार को 841 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। राज्य में अभी 4,334 कंटेंमेंट जोन बनाए गए हैं।

2. राजस्थान:
राज्य में सोमवार को कोरोना के 1346 मामले सामने आए। इनमें जोधपुर में 255, जयपुर में 251, भीलवाड़ा में 106, अलवर में 85, बीकानेर में 65, अजमेर में 61, पाली में 60, कोटा में 40, चूरू में 35, भरतपुर में 33, उदयपुर में 31, सिरोही और बाड़मेर में 27-27, प्रतापगढ़ में 25, झालावाड़ में 23, राजसमंद में 21, बांसवाड़ा में 20, बारां में 19, सीकर में 18, हनुमानगढ़ में 17, झुंझुनू में 16, सवाई माधोपुर में 13, गंगानगर और धौलपुर में 12-12, नागौर, करौली, दौसा और चित्तौड़गढ़ में 11-11, डूंगरपुर में 10, बूंदी में 9, टोंक में 8, जालौर में 3 पॉजिटिव केस सामने आए।

इसके बाद कुल संक्रमितों का आंकड़ा 71955 पहुंच गया। वहीं, 12 लोगों की मौत भी हो गई। इनमें जयपुर और कोटा में 3-3, भीलवाड़ा, पाली, प्रतापगढ़, अजमेर, सीकर और उदयपुर में 1-1 की मौत हुई। जिसके बाद कुल मौत का आंकड़ा 967 पहुंच गया।

3. बिहार:
राज्य में सोमवार को कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा एक लाख के पार कर गया। रिकवरी रेट रिकॉर्ड 82% पर पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में 62 हजार सैंपल की जांच हुई है जिसमें 1227 संदिग्धों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 2908 लोग स्वस्थ हुए हैं।

राज्य में अब तक 123383 मरीजों की पुष्टि हुई है जिसमें 101362 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं। 627 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। 21393 केस अभी एक्टिव है। अब तक 2494712 सैंपल की जांच हो चुकी है। पटना की अगर बात करें तो यहां 19112 पॉजिटिव केस मिले हैं जिसमें 16073 लोग ठीक हो चुके हैं। 124 लोगों की जान गई है और 2915 केस अभी एक्टिव हैं।

4. महाराष्ट्र
राज्य में सोमवार को संक्रमण के 11,015 नए मरीज सामने आए। इसके साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 6,93,398 हो गई है। 24 घंटे के अंदर 212 लोगों की मौत हो गई। अबतक 22,465 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। सोमवार को 14,219 मरीज ठीक भी हुए हैं। इसके साथ ही ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा पांच लाख के पार यानी 5,02,490 तक पहुंच गया है।

5.उत्तरप्रदेश:

राज्य में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 4,677 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,92,382 हो गई है। राहत की बात है कि इनमें से 1,40,107 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। अब तक 72.82 फीसद संक्रमित अस्पतालों से छुट्टी पा चुके हैं। राज्य में 49,288 एक्टिव मरीजों का इलाज चल रहा है। अभी तक कुल 2987 लोगों की मौत हुई है।

लेकिन प्रदेश में सबसे ज्यादा खराब स्थित राजधानी लखनऊ और औद्योगिक नगरी कानपुर नगर की है। लखनऊ में जहां 6,966 एक्टिव केस हैं, जबकि 291 लोगो की मौत हुई है। वहीं, कानपुर में 3,591 एक्टिव केस और 367 की मौत हुई है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


फोटो अहमदाबाद की है। गणेश पूजा के दौरान लोग मास्क पहने हुए। कोरोना से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के मकसद से श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को भी मास्क पहनाया।