Home Hindi 10 में से 8 मस्जिदों के इमाम बोले- दंगे भड़काने वाली पार्टी...

10 में से 8 मस्जिदों के इमाम बोले- दंगे भड़काने वाली पार्टी नहीं चाहिए, आप-कांग्रेस के बीच वोटों का बंटवारा रोकने की कोशिश जारी

122
0

नई दिल्ली. मस्जिद में इमाम का वही स्थान और सम्मान होता है जैसा मंदिर में पुरोहितका। दिल्ली में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां हैं। आमतौर पर इमाम राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा कम ही करते हैं,लेकिननिजी राय जरूर रखते हैं। दिल्ली चुनाव में शाहीन बाग प्रदर्शन की चर्चा है। दैनिक भास्कर टीम ने दिल्ली की 10 छोटी-बड़ी मस्जिदों के इमामों से चुनावी मुद्दों पर उनका नजरिया जानने की कोशिश की। सभी से एक जैसे चार सवाल किए गए। पेश है ग्राउंड रिपोर्ट।

तिमारपुर विधानसभा : हबीबुर रहमान (दिल्ली यूनिवर्सिटी कैंपस की मस्जिद)

केजरीवाल सरकार के काम पर : केजरीवाल ने जिम्मेदारी ठीक से निभाई। काफी काम किया। सबसे अच्छी बात कि आप के नेता हिंदू-मुसलमान को भड़काने की बातें नहीं करते।

भाजपा को वोट पर : संविधान की रक्षा और उस पर अमल होना चाहिए। भाजपा वाले कौमका मसला बार-बार उठाते हैं, जबकि हिंदुस्तान ऐसा मुल्क है जहां कई भाषाओं और मजहब के लोग हैं। यही इस देश की खूबसुरती है। जो पार्टी इसे खत्म करती है और हम उसे ही वोट देते हैं तो ये उसकी मदद करना है। हिंदू हों या मुस्लिम, दोनों को यह नहीं करना चाहिए।

मुस्लिम वोटों का बंटवारा रोकने पर : वोटों का बंटवारा नहीं होना चाहिए। इसके लिए कोशिश जारी है। मस्जिद में सियासी बातों की मनाही है। बाहर हम एकमत होकर वोट देने की बात जरूर करते हैं। भाजपा को छोड़कर जहां आप या कांग्रेस की सरकार बन रही हो तो उसे ही वोट देना चाहिए। सरकार स्पष्ट बहुमत की हो। गठबंधन सरकार टूटने का खतरा रहता है। हिंदू-मुसलमान में भेदभाव की खुराफात करने वालों को वोट नहीं देना चाहिए।

शाहीन बाग के प्रदर्शन और भाजपा नेताओं की टिप्पणियों पर : भाजपा बौखलाहट में शाहीन बाग के प्रदर्शन पर अफवाहें फैला रही है। पूरे हिंदुस्तान में आईन (संविधान) की सुरक्षा के लिए लोग खड़े हो गए हैं। शाहीन बाग प्रदर्शन शांतिपूर्ण और राष्ट्रवाद के रंग में रंगा है। अच्छा है कि कांग्रेस-आप के बड़े नेता वहां नहीं गए। वरना ये (भाजपा) तो बोल देंगे कि दोनों पार्टियां तो मुस्लिम पार्टी बन गईं।

लक्ष्मी नगर विधानसभा : मुफ्ती अब्दुल वाहिद (एक मीनार मस्जिद)

केजरीवाल सरकार के काम पर : उन्होंने वादे पूरे किए। हिंदू-मुस्लिम पर बात नहीं की। सभी को एक साथ लेकर चले।

भाजपा को वोट पर : मुस्लिम ही नहीं, हिंदू भी समझते हैं कि भाजपा कैसी पार्टी है। हिंदू भाइयों को भी ऐसी पार्टी को सत्ता में नहीं आने नहीं देना चाहिए।

वोटों का बंटवारा रोकने पर : चर्चा है कि इस चुनाव में ‘आप’ और अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को वोट दिया जाए। 10-10 लोगों की टीम है। ये घर-घर जाकर लोगों से बात करती है कि भाजपा के सामने मजबूत पार्टी और प्रत्याशी को एकमत होकर चुनें। मटियामहल में आप तो सीलमपुर और चांदनी चौक में कांग्रेस के लिए वोट मांगे जा रहे हैं।

शाहीन बाग प्रदर्शन और भाजपा नेताओं के बयानों पर : भाजपा वाले दिल्ली को नहीं समझते। यहां का वोटर अन्य राज्यों के वोटरों से कुछ अलग है। यहां काम पर ही वोटिंग होनी है। शाहीन बाग का मुद्दा नहीं चलेगा।

चांदनी चौक विधानसभा : मोहम्मद तैयब कासमी (मस्जिद तकिया मंडल शाह)

केजरीवाल सरकार के काम पर : दिल्ली में अच्छा काम हुआ। महिलाओं के लिए बस फ्री हो गई है। स्कूल और अस्पताल पहले से बेहतर हैं। केजरीवाल सरकार जो कर सकती थी, उसने वो किया भी।

भाजपा को वोट पर : भाजपा ही क्यों, हर उस ताकत को रोकना है जो आपसी बैर बढ़ाए। कांग्रेस भेदभाव बढ़ाती है तो उसे भी रोकेंगे।

मुस्लिम समुदाय में वोटों का बंटवारा रोकने पर : फिरकापरस्त पार्टी हटाना है। इसलिए आप या कांग्रेस का जो प्रत्याशी बेहतर हो, उसे वोट देना चाहिए। दंगा कराने वाले दल को फायदा नहीं होना चाहिए।

शाहीन बाग के प्रदर्शन और भाजपा नेताओं के बयानों पर : मोदी सरकार ने 6 साल कोई अच्छा काम नहीं किया। हिंदू-मुसलमान को बांटकर वोट लेना चाहती है। शाहीन बाग के शांतिपूर्ण प्रदर्शन को मुद्दा बना दिया। मीडिया के माध्यम से झूठी जानकारियां फैला कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।

ओखला विधानसभा : नजीर अहमद (हजरत अबु मस्जिद)

केजरीवाल सरकार के कामों पर : लोग बताते हैं कि काम अच्छे हुए। भाजपा की तरह आप भाईचारा खत्म करने की बात नहीं करती।

भाजपा को वोट पर : लोगों को बांटने वाली पार्टी सरकार में नहीं आना चाहिए।

मुस्लिम वोटों के बंटवारे पर : वोट बंटना ही नहीं चाहिए। इसे रोकने की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, मुझे इसकी जानकारी नहीं। क्योंकि मस्जिद में ऐसी बातें नहीं होतीं।

शाहीन बाग और भाजपा नेताओं की टिप्पणियों पर : भाजपा के बड़े नेताओं की बयानबाजी ने माहौल खराब किया। इनके बयानों से तकलीफ होती है। शाहीन बाग प्रदर्शन पर भी वे गलत बयानबाजी कर रहे हैं।

बदरपुर विधानसभा : जुबैर अहमद (जामा मस्जिद, जैतपुर पार्ट-2)

केजरीवाल सरकार के काम पर : यहां आप विधायक से लोग खुश नहीं हैं। कांग्रेस सरकार में एक स्कूल की मंजूरी मिली थी। विधायक ने इसे नहीं बनवाया। हालांकि, कुछ काम हुआ है। पाइप लाइन डली लेकिन पानी नहीं आता। कुछ कमियां हैं लेकिन फिर भी ठीक है।

भाजपा को वोट पर : मैं भाजपा को वोट नहीं करूंगा। मजहब और मंदिर-मस्जिद की राजनीति नहीं होना चाहिए। भाजपा धार्मिक भेदभाव फैलाती है।

मुस्लिम वोटों के बंटवारे पर : बदरपुर में भाजपा तो कभी जीती ही नहीं। दिल्ली में केजरीवाल की हवा है। हो सकता है कि लोग एकजुट होकर आम आदमी पार्टी को ही वोट दे दें।

शाहीन बाग के प्रदर्शन और भाजपा नेताओं की टिप्पणियों पर : इसका दिल्ली चुनाव से कोई लेनादेना नहीं था। अयोध्या, 370 और ट्रिपल तलाक के मुद्दे पुराने हो चुके थे। इन पर महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में भी भाजपा को वोट नहीं मिले। बेरोजगारी और आर्थिक मंदी के कारण ये अपने काम भी नहीं बता पाए। शाहीन बाग को मुद्दा बना दिया गया। इन लोगों को लगेगा कि शाहीन बाग मुद्दे पर झूठ फैलाकर भी इन्हें दिल्ली की सत्ता नहीं मिलेगी तो ये हिंदू-मुसलमान को लड़वाने के लिए कुछ और करेंगे।

त्रिलोकपुरी विधानसभा : हाजी रियासत अली (मदीना मस्जिद)

केजरीवाल सरकार के काम पर : इस सरकार ने भेदभाव नहीं किया। सभी धर्मों को साथ लेकर चलने वाली सरकार रही। पानी-बिजली और अस्पताल की सुविधाएं अच्छी रहीं।

भाजपा को वोट पर : भले ही 10 या 20 फीसदी रहे हों, पहले मुस्लिम भाजपा को वोट देते थे। सीएए के बाद भाजपा नेताओं के बयान भड़काउ हुए। अब कौन मुस्लिम इन्हें वोट देगा? ये जानबूझकर ऐसे बयान देते हैं कि सिर्फ हिंदू वोट उन्हें मिलें। जब मुसलमानों से मतलब ही नहीं, तो कोई इन्हें वोट क्यों देगा।

वोटों के बंटवारे पर : मस्जिद में राजनीति पर चर्चा नहीं होती। हां, बाहर जरूर इस पर चर्चा होती है कि भाजपा को रोकने के लिए वोटों का बंटवारा नहीं होना चाहिए।

शाहीन बागप्रदर्शन और भाजपा नेताओं के बयानों पर : हर चुनाव में भाजपा यही करती है। इस बार ज्यादा हो गया क्योंकि भाजपा के पास कोई चुनावी मुद्दा नहीं था। ये कहते हैं ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’। लेकिन, भाषा ऐसी बोलते हैं कि एक समुदाय का विश्वास ही टूट जाए।

मटियामहल विधानसभा : मोहम्मद अजमल कासमी (मस्जिद मुबारक बेगम)

केजरीवाल सरकार के काम पर : लोग कहते हैं कि 5 साल में बदलाव तो हुआ। यहां के लोग अगर आम आदमी पार्टी से खुश नहीं हैं तो नाराज भी नहीं।

भाजपा को वोट पर : मैं किसी खास पार्टी पर कुछ नहीं कहूंगा। लेकिन, उस पार्टी और प्रत्याशी को वोट दूंगा जो अमन पसंद हो और बेहतरी के लिए काम करे।

वोटों के बंटवारे पर : इसके लिए तो बड़ी पार्टियों को सोचना चाहिए कि मिलकर लड़ें। एक पार्टी को रोकने के लिए 2 को मिलकर लड़ना चाहिए। दो पार्टियां ये भी समझौता कर सकती हैं कि एक विधानसभा चुनाव लड़े और दूसरी लोकसभा। एकजुट होकर वोट करना मुश्किल काम है। मुझे नहीं लगता कि वोटों का बंटवारा रोका जा सकेगा।

शाहीन बाग प्रदर्शन और भाजपा नेताओं के बयानों पर : प्रदर्शनकारी अपने मुताबिक सही कर रहे हैं। लेकिन, आमलोगों को परेशानी नहीं होना चाहिए। भाजपा नेताओं के बयान लोगों को समझाने की बजाए भड़का रहे हैं।

बल्लीमारान विधानसभा : जुबैर अहमद (अनारवाली मस्जिद)

केजरीवाल सरकार के काम पर : केजरीवाल के काम नकारे नहीं जा सकते। बिजली-पानी फ्री, हॉस्पिटल-स्कूल अच्छे कर दिए, सीसीटीवी लगा दिए। मुझे लगता है कि इमाम और मुस्लिम ही नहीं बल्कि हिंदू भी केजरीवाल के साथ हैं।

भाजपा को वोट पर : दिल्ली में तो भाजपा की सरकार नहीं आ रही।

मुस्लिम वोटों के बंटवारे पर : वोटों के बंटवारे का तो सवाल ही नहीं उठता। 80% लोगों को बिजली और पानी का बिल नहीं देना। कांग्रेस में पहले जैसा दम नहीं है। इसलिए तमाम वोट आप को ही मिलने हैं।

शाहीन बाग के प्रदर्शन और भाजपा नेताओं की टिप्पणियों पर : देश सभी का है। किसी को कोई कानून समझ में नहीं आ रहा है तो वो विरोध कर रहे हैं। गृहमंत्री के बयान भड़काने वाले लगते हैं। शाहीन बाग में हो रहे विरोध प्रदर्शन को वे गलत तरीके से पेश कर रहे हैं।

गांधीनगर विधानसभा : अताउल रहमान कासमी (मस्जिद-मदरसा अंजुमन इस्लामिया, कैलाशनगर)

केजरीवाल सरकार के काम पर : कुछ काम तो बहुत ही सराहनीय रहे। मोहल्ला क्लीनिक अच्छी सुविधा है। लोग शिक्षा में भी सुधार की बात करते हैं।

भाजपा को वोट पर : जहां आप खड़े हैं, यह मस्जिद वाली गली कहलाती है। करीब 250 वोट हैं। 2014 लोकसभा चुनाव में मोदी जी को हमारी इस छोटी सी गली से 100 से ज्यादा वोट मिले। मोदी सरकार के बड़े नेताओं ने बांटने वाली राजनीति शुरू की। लोगों को लगा कि यह देश के हित में नहीं है। इसलिए इन्हें वोट भी नहीं देना चाहिए।

वोटों के बंटवारे पर : भाजपा के खिलाफ जो भी मजबूत उम्मीदवार हो, उसे चुन लिया जाना चाहिए। वोटों का बंटवारा रोकने पर न चर्चा होती है और न कोशिश। कांग्रेस ने भी मुस्लिमों को नुकसान पहुंचाया। भाजपा तो पूरे मुल्क को नुकसान पहुंचा रही है।

शाहीन बाग प्रदर्शन और भाजपा नेताओं के बयानों पर : भाजपा ने अब तक देश को बांटने का ही काम किया। शाहीन बाग में हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई, आपस में है भाई-भाई की बात उठी है। भाजपा को इससे भी दिक्कत है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


Delhi Vidhan Sabha Election 2020 Bhaskar Ground Report; DU Masjid, Chandni Chowk Laxmi Nagar Imam On BJP, AAP Congress Muslim Vote Share Arithmetic