Home Hindi मरीजों का आंकड़ा 29 लाख के पार, 21 लाख से ज्यादा लोग...

मरीजों का आंकड़ा 29 लाख के पार, 21 लाख से ज्यादा लोग ठीक भी हुए, 24 घंटे के अंदर महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 14 हजार से ज्यादा मरीज बढ़े

47
0

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 29 लाख के पार हो गया। पिछले 24 घंटे के अंदर 68 हजार 507 नए मरीज बढ़े। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या अब 29 लाख 4 हजार 329 हो गई है। राहत की बात है कि इनमें 21 लाख 57 हजार 941 लोग ठीक भी हो चुके हैं। गुरुवार को रिकॉर्ड 61 हजार 873 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। वहीं, 981 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या अब 54 हजार 975 हो गई है।

महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 14 हजार मरीज बढ़े
गुरुवार को महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 14 हजार 647 नए संक्रमित बढ़े। इसी के साथ यहां मरीजों की संख्या अब 6,43,289 हो गई है। इनमें 4,59,124 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 21,359 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, 1,62,491 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

केंद्रीय मंत्री शेखावत कोरोना संक्रमित

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत कोरोना संक्रमित हो गए हैं। शेखावत ने गुरुवार दोपहर ट्वीट कर जानकारी दी। 52 साल के शेखावत जोधपुर से सांसद हैं। उन्होंने बताया कि मैं अभी दिल्ली में हूं। पॉजिटिव आने के बाद मुझे अस्पताल में भर्ती किया गया है। मेरे संपर्क में जो लोग आए हैं, वे स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं।

शेखावत से पहले जयपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र जोशी कल कोरोना पॉजिटिव आए थे। जोशी दो दिन पहले शेखावत के साथ कुछ कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी शेखावत और जोशी के साथ कुछ कार्यक्रमों में मंच साझा किया था।

LIVE UPDATES :

  • पंजाब : पंजाब सरकार ने राज्य में लागू नाइट कर्फ्यू और वीकेंड लॉकडाउन 31 अगस्त तक बढ़ा दिया है। इस बार ये दोनों आदेश राज्य के सभी जिलों में लागू होंगे। अभी तक उन्हीं जिलों में वीकेंड लॉकडाउन रहता था, जहां संक्रमण के ज्यादा मामले थे। सरकार ने पब्लिक और प्राइवेट ट्रांसपोर्ट पर भी रोक लगा दी है। शादी समारोह और अंतिम संस्कार छोड़कर कहीं भी भीड़ न जुटने की हिदायत दी गई है।

  • पंजाब : राज्य के कंटेनमेंट जोन से भी चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। यहां रहने वाले 27.7% लोगों में एंटीबॉडी मिली है। मतलब या तो ये लोग संक्रमित हैं या फिर संक्रमण से अपने आप ठीक हो चुके हैं। अब इन सभी लोगों का आरटी पीसीआर टेस्ट होगा।

  • मेघालय सरकार ने राज्य के सभी एंट्री प्वाइंट्स को हर महीने एक हफ्ते बंद करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने बताया कि अगले तीन महीने तक यह आदेश लागू रहेगा।
  • आगरा में सभी ऐतिहासिक स्थल पर्यटकों के लिए एक सितंबर से खोल दिए जाएंगे। हालांकि अभी ताजमहल और आगरा फोर्ट बंद ही रहेंगे।
  • इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के मुताबिक, देश में 19 अगस्त तक 3 करोड़ 26 लाख 61 हजार 252 टेस्ट किए जा चुके हैं। इनमें से 19 अगस्त को 9 लाख 18 हजार 470 जांच की गईं। इस बीच, देश में कोरोना के मरीजों की संख्या 28 लाख 41 हजार 454 हो गई है। बुधवार को एक दिन में रिकॉर्ड 69 हजार 196 मरीज बढ़े थे। 59 हजार 935 ठीक हुए और 979 की मौत हो गई।
  • दिल्ली में दूसरी बार हुए सीरो सर्वे में 29.1% लोगों में एंटीबॉडी पाई गई हैं। दिल्ली की आबादी करीब 2 करोड़ है। इनमें से 15 हजार सैम्पल लिए गए थे। यहां पिछली बार हुए सीरो सर्वे में 23.48% लोगों में एंटीबॉडी पाई गई थीं। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि दूसरे सीरो सर्वे में 28.3% पुरुषों में और 32.2% महिलाओं में एंटीबॉडी मिली हैं।
  • केरल में कोरोना के मरीजों के इलाज में लगे 18 जूनियर सरकारी डॉक्टरों ने केरल हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने एरियर्स के साथ उनकी तनख्वाह का भुगतान करने के लिए राज्य सरकार को निर्देश देने की मांग की है। राज्य में कोच्चि का अलुवा बाजार थोक व्यापारियों के लिए गुरुवार से खोल दिया गया। महामारी के कारण यह 40 दिन से बंद था।
  • प.बंगाल के सिलिगुड़ी में आज लॉकडाउन लगाया गया है। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए यहां हफ्ते में दो दिन लॉकडाउन करने का फैसला किया गया है। सिलिगुडी का 62% हिस्सा दार्जिलिंग जिले में जबकि 38% हिस्सा जलपाईगुड़ी में आता है। दार्जिलिंग में अब तक 3838 केस और जलपाईगुड़ी में 2431 केस आ चुके हैं।

पांच राज्यों के हाल

1. मध्यप्रदेश
राज्य में गुरुवार को 1,142 नए मरीज मिले। इसी के साथ संक्रमितों का आंकड़ा अब 49,493 हो गया है। इनमें 37,540 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 1,171 मरीजों की मौत हो गई। 10,782 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
वहीं, जबलपुर उत्तर मध्य से कांग्रेस विधायक विनय सक्सेना भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके पहले जबलपुर से पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया भी संक्रमित मिले थे। दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इनका इलाज चल रहा है।

2. महाराष्ट्र
राज्य में बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 14 हजार 647 नए मरीज बढ़े। अब तक यहां 6,43,289 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। अच्छी बात है कि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। 4,59,124 लोग ठीक हो चुके हैं। गुरुवार को 326 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में संक्रमण के चलते अब तक 21,359 लोग जान गंवा चुके हैं।

3. राजस्थान
राज्य में गुरुवार को कोरोना के 690 नए मामले सामने आए। इनमें अजमेर में 138, भीलवाड़ा में 106, अलवर में 100, जयपुर में 99, उदयपुर में 82, नागौर में 50, बूंदी में 38, जोधपुर में 36, चित्तौड़गढ़ में 22, प्रतापगढ़ में 19 पॉजिटिव केस सामने आए। अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 65979 हो गया है। पिछले 24 घंटे के अंदर यहां 5 लोगों की मौत हो गई। जयपुर में 3, अजमेर और बीकानेर में 1-1 की मौत हुई। जिसके बाद कुल मौत का आंकड़ा 915 पहुंच गया।

4. उत्तरप्रदेश

उत्तर प्रदेश में गुरुवार को 24 घंटे के अंदर कोरोना से रिकॉर्ड 95 लोगों की मौत हो गई। अब तक एक दिन में ये मौतों का ये आंकड़ा सबसे ज्यादा है। इसके अलावा 4991 नए मरीज मिले और 5863 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। राज्य में अब संक्रमितों का आंकड़ा 1,72,334 हो गया है। इनमें 1,21,090 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 2,733 मरीजों की मौत हो गई है।

कोरोना का असर विधानसभा सत्र में भी देखा गया। सत्र के पहले दिन सदन में कई व्यवस्थाएं की गई थीं। विधायकों को दर्शक दीर्घा और लॉबी में भी बैठाया गया है। सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा। कई विधायक पीपीई किट में पहुंचे। उधर, आगरा प्रशासन ने गुरुवार को बताया कि यहां के सभी स्मारक एक सितंबर से लोगों के लिए फिर से खोल दिए जाएंगे। इनमें ताजमहल और आगरा किला भी शामिल है।

5. बिहार

राज्य सरकार ने कोरोना मरीजों के इलाज के लिए प्राइवेट अस्पतालों की फीस तय कर दी है। सरकार ने इलाज की दर तय करने के लिए शहरों को तीन श्रेणी में बांटा है। राजधानी पटना को ए श्रेणी में रखा गया है। वहीं भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और गया को बी श्रेणी में रखा गया है। बाकी जिलों को सी श्रेणी में रखा गया है।

यहां बिना वेंटीलेटर और बिना आईसीयू आवश्यकता वाले मरीजों के लिए अलग दर तय की गई है। पटना में बिना वेंटीलेटर और बिना आईसीयू के इलाज करवाने के लिए अधिकतम दर 8000 से 10000 रुपए तय की गई है। वहीं आईसीयू के लिए प्रति दिन का किराया 13 से 15 हजार के बीच है। वहीं वेंटिलेटर के लिए मरीजों को अधिकतम 15 से 18000 रुपए खर्च करने होंगे।

राज्य में पिछले 24 घंटे के अंदर 2,451 नए मरीज बढ़े। संक्रमितों की संख्या अब 1,15,210 हो गई है। इनमें 88,163 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 574 मरीजों की मौत हो चुकी है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


ठाणे के कौशल्या हॉस्पिटल से ठीक होकर डिस्चार्ज होते मरीज के लिए तालियां बजाते डॉक्टर्स और स्वास्थ्यकर्मी। हॉस्पिटल में अब तक 1000 मरीज ठीक हो चुके हैं।