Home Hindi ट्यूनिशिया में हेल्थ प्रोटोकॉल नहीं मानने पर 6 महीने की जेल और...

ट्यूनिशिया में हेल्थ प्रोटोकॉल नहीं मानने पर 6 महीने की जेल और जुर्माना; मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति संक्रमित; दुनिया में 2.41 करोड़ केस

47
0

दुनिया में कोरोनावायरस के अब तक 2 करोड़ 41 लाख 7 हजार 605 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 66 लाख 50 हजार 613 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 8 लाख 24 हजार 548 की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।

इस बीच, ट्यूनिशिया में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच वहां के स्वास्थ्य मंत्रालय ने हेल्थ प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराने का फैसला किया है। ट्यूनिश अफ्रीकी प्रेस के मुताबिक, सावर्जनिक जगह पर मास्क न पहनने पर अब जुर्माना लगाया जाएगा।

कार्यकारी स्वास्थ्य मंत्री मोहम्मद हबीब कैचौ ने बुधवार को कहा कि मास्क पहनना अब अनिवार्य है। आदेश न मानने वाले को 120 से 5 हजार ट्यूनिश दिनार (लगभगग 3,200 से 1,36,000 रुपए) तक का जुर्माना और 6 साल तक की जेल हो सकती है।

वहीं, मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मौमून अब्दुल गयूम संक्रमित मिले हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। मौमून 30 साल तक मालदीव के राष्ट्रपति रह चुके हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने इसी हफ्ते राजधानी माले में संक्रमण फैलने को लेकर आगाह किया था। यहां अगस्त से लेकर अब तक 100 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। देश में अब तक 7 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं जबकि 28 मौतें हुई हैं।

इस बीच, मैक्सिको के उप-स्वास्थ्य मंत्री ह्यूगो लोपेज ने बुधवार को बताया कि देश में महामारी फैलने के बाद से 1300 से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों की मौत हुई है। 24 घंटे में देश में 4916 मामले सामने आए हैं और 650 मौतें हुई हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमितों का आंकड़ा 5 लाख 68 हजार 621 हो गया है। अब तक यहां 61 हजार से ज्यादा लोगों की मौतें हुई हैं।

इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा

देश

संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 59,55,728 1,82,404 32,54,282
ब्राजील 36,74,176 1,16,666 28,48,395
भारत 32,31,754 59,612 24,67,252
रूस 9,66,189 16,568 7,79,747
साउथ अफ्रीका 6,13,017 13,308 5,20,381
पेरू 6,00,438 27,813 4,07,301
मैक्सिको 5,68,621 61,450 3,93,101
कोलंबिया 5,62,128 17,889 3,95,470
स्पेन 4,23,224 28,924 उपलब्ध नहीं
चिली 4,00,985 10,958 3,74,463

अमेरिका: 24 राज्यों के कॉलेजों में संक्रमित मिले

अमेरिका में स्कूल और कॉलेज खोले जाने के बाद से अब तक देश के 24 राज्यों के कॉलेजों में संक्रमण के मामले मिले हैं। संक्रमित होने वालों में 3300 स्टूडेंट और स्टाफ शामिल हैं। मिसीसिपी राज्य में करीब 4 हजार स्टूडेंट्स और 600 टीचर्स को क्वारैंटाइन किया गया है। यहां पर सिर्फ 17 से 21 अगस्त के बीच ही स्कूलों में पढ़ाने वाले 144 शिक्षक और 292 स्टूडेंट्स संक्रमित मिले हैं। राज्य के हेल्थ ऑफिसर डॉ थॉमस ई डॉब्स ने बताया कि 31 स्कूलों से संक्रमण के मामले सामने आए हैं। इसे ध्यान में रखते हुए इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों और यहां काम करने वाले स्टाफ को क्वारैंटाइन किया गया है।

ब्राजील: राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे संक्रमित
ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे और सांसद फ्लैवियो बोल्सोनारो संक्रमित मिले हैं। उनके प्रेस ऑफिसर ने मंगलवार को बताया कि फिलहाल उनमें कोई लक्षण नजर नही आ रहे और वे अपने घर से ही काम करेंगे। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटे में देश में 47 हजार 134 मामले सामने आए हैं और 1271 मौतें हुई हैं। इसी के साथ देश में संक्रमितों का आंकड़ा 36 लाख 69 हजार 995 हो गया है। यहां अब तक 1 लाख 16 हजार 580 लोगों की जान गई है।

ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे फ्लैवियो बोल्सोनारो संक्रमित मिले हैं। फ्लैवियो सांसद हैं और कुछ दिन घर से ही काम करेंगे।

अर्जेंटीना: लगातार दूसरे दिन 8 हजार से ज्यादा मामले
अर्जेंटीना में मंगलवार को 8771 मामले सामने आए। यह अब तक देश में सामने आए सबसे ज्यादा मामले हैं। इससे पहले सोमवार को यहां 8713 पॉजिटिव केस मिले थे। बीते 24 घंटे में यहां 197 मौतें हुई हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमितों की संख्या 3 लाख 59 हजार 638 हो गई है। अब तक यहां 7563 लोगों की जान गई है।

अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनर्स आयर्स के अस्पताल में एक मरीज का इलाज करते डॉक्टर। देश में संक्रमितों की संख्या 3 लाख से ज्यादा हो गई है।

इराक: संक्रमितों का आंकड़ा 2 लाख के पार
इराक में बीते 24 घंटे में 3962 मामले सामने आए हैं और 77 मौतें हुईं हैं। देश में अब संक्रमितों की संख्या 2 लाख 11 हजार 947 हो गई है। 6596 लोगों की जान गई है। इराक के स्वास्थ्य मंत्री हसन अल तमिमि ने कहा है कि इराक वैक्सीन तैयार करने वाले किसी भी देश के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है। देश में 50 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को टीका लगाने में प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार लोगों की सुरक्षा के लिए टीका खरीदने के लिए भी तैयार है।

इराक के बगदाद शहर में मंगलवार को एक मस्जिद को सैनिटाइज करता कर्मचारी।

ब्रिटेन: इंग्लैंड के स्कूलों में मास्क जरूरी नहीं
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन मंगलवार को इंग्लैंड के स्कूल में बच्चों के लिए मास्क जरूरी करने के फैसले से पलट गए। उन्होंने मंगलवार को स्कूलों के खुलने से ठीक पहले इसका ऐलान किया। इससे पहले बीते हफ्ते उन्होंने कहा कि क्लासरूम में बच्चों के लिए मास्क लगाना जरूरी होगा। उन्होंने लोगों से अपने बच्चों को स्कूल भेजने की अपील भी की थी। ब्रिटेन में अब तक 3 लाख 27 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं और 41 हजार से ज्यादा मौतें हुईं हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


मैक्सिको की राजधानी न्यू मैक्सिको सिटी के एक कब्रिस्तान में कब्र तैयार करते कर्मचारी। देश में संक्रमितों का आंकड़ा 5 लाख के पार हो गया है।