Home Hindi अमेरिकी राष्ट्रपति बोले- मोदी की कहानी असाधारण तरीके से तरक्की करने की;...

अमेरिकी राष्ट्रपति बोले- मोदी की कहानी असाधारण तरीके से तरक्की करने की; यह दिखाता है भारतीय जो चाहें कर सकते हैं

97
0

अहमदाबाद.अमेरिका के राष्ट्रपति डोनॉल्डट्रम्प ने सोमवार को मोटेरा स्टेडियम में ‘नमस्ते ट्रम्प’ कार्यक्रम में 27 मिनट का संबोधन दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हम 8 हजार मील कीदूरीतय करने के बाद यह बताने आए हैं कि अमेरिकियों को भारत से प्यार है। 5 महीने पहले अमेरिका ने आपके महान प्रधानमंत्री का स्वागत किया था। आज भारत ने हमारा दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में स्वागत किया है। खूबसूरत और नए मोटेरा स्टेडियम में आकर संबोधित करना मेरे लिए गर्व की बात है।’’

उन्होंने कहा,‘‘भारत का हमेशा हमारे दिल में विशेष स्थान रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन इस महान देश की यात्रा को भी रेखांकित करता है। वे उनके पिता के साथ चाय बेचते थे। वे इसी शहर में एक कैफेटेरिया में काम करते थे। दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक चुनाव में वे जीतकर आए हैं। आप सिर्फ गुजरात के लिए गर्व नहीं हैं, बल्कि आप इस बात के प्रतीक हैं कि भारतीय जो चाहें, उसे कैसे भी पूरा सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कहानी असाधारण तरीके से तरक्की करने की है। यही भारत की भी कहानी है। भारत दुनियाभर में इंसानियत के लिए एक उम्मीद है। यह दुनिया का सबसे नायाब देश है।’’

‘भारत-अमेरिका दो अलग देश, लेकिन आत्मा एक जैसी’
‘‘मोदी से हर कोई प्यार करता है, लेकिन मैं आपको बता रहा हूं कि वे बहुत टफ हैं। जो देश अपने लोगों को सभी बंधनों से मुक्त रखता है और उन्हें उनके सपने पूरे करने देता है, वही देश महान होता है। भारत ऐसे देशों में से एक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपने लोगों पर भरोसा है। यह अच्छी बात है। हमारे दो देशों के बीच कुछ फर्क है, लेकिन हमारी आत्मा एक जैसी है। स्वामी विवेकानंद ने इसका एक बार जिक्र किया था। इसी आत्मबल के साथ भारत के लोग हिम्मत बनाए रखते हैं और पूरी दुनिया को एक नई रोशनी दिखाते हैं।’’

‘‘यहां का बॉलीवुड क्रिएटिविटी का उदाहरण है। भांगड़ा, रोमांस, ड्रामा और क्लासिक का एक उदाहरण दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे फिल्म है। सचिन तेंडुलकर से लेकर विराट कोहली तक भारत महान खिलाड़ियों का देश है। सरदार पटेल को इस देश ने ऊंची स्टेच्यू बनाकर श्रद्धांजलि दी है। दिवाली को इस देश के लोग बुराई पर अच्छाई के जीत के पर्व के रूप में मनाते हैं। रंगों का खूबसूरत त्योहार होली है। भारत हर व्यक्ति की गरिमा का सम्मान करने वाला देश है। यहां करोड़ों हिंदू-मुस्लिम, सिख, जैन, ईसाई और बौद्ध एकसाथ रहते हैं।’’

‘अमेरिका में रह रहे भारतीय शानदार काम कर रहे ’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘अमेरिका में रह रहे भारतीय भी बेहतरीन हैं। सबसे बड़े और सबसे श्रेष्ठ कारोबारियों हैं। टेक्नोलॉजी में वे इनोवेशन करते हैं। गुजरात भी भारतीय-अमेरिकियों की नजर से खास जगह है। अमेरिका की अर्थव्यवस्था के लिए यह सबसे अच्छा वक्त चल रहा है। बेरोजगारी सबसे निचले स्तर पर है। हमारी सेना में बदलाव हुआ है। वे पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है। हम दुनियाभर में हमारे सहयोगियों और दोस्ती को मजबूत कर रहे हैं। हमारे पास दुनिया की सबसे ताकतवर मिलिट्री है।’’

‘हेलिकॉप्टर डील को मंजूरी’
ट्रम्प ने कहा ‘‘हमें साबरमती आश्रम जाने का मौका मिला। यह महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह का प्रतीक है। अब हम आपके देश की सबसे खूबसूरत धरोहर ताजमहल को भी देखने जाएंगे। यह दौरा बताता है कि जब दो देशों के नेता अपने देश की जनता के हितों को आगे रखते हैं तो दो देशों के बीच मजबूत गठबंधन उभरकर सामने आता है। हम दुनिया के सबसे बेहतरीन हेलिकॉप्टर, रॉकेट, फाइटर प्लेन बनाते हैं। 3 अरब डॉलर मूल्य के हेलिकॉप्टर हम भारत की सेना को देने जा रहे हैं। भारत हमारा बड़ा डिफेंस पार्टनर है। हम दोनों देश एकसाथ भारतीय-प्रशांत क्षेत्र में संप्रभुता को बनाए रखने का काम करेंगे। हम इस्लामिक टेररिज्म खत्म करने के लिए काम कर रहे हैं। आज आईएसआईएस का खात्मा हो चुका है। हमने उसे सौ फीसदी नेस्तनाबूद कर दिया है।’’

‘आतंकी फैलाने वाले को बड़ी कीमत चुकानी होगी’
ट्रम्प के मुताबिक, ‘‘अमेरिका की सरहदें आतंक के लिए हमेशा से बंद रहेंगी। इसलिए हमने अमेरिका में एंट्री के नियमों को सख्त बनाया है। अमेरिका में जो भी आतंक फैलाने के इरादे से आएगा, उसे बड़ी कीमत चुकानी होगी। हर देश अपनी सीमाओं की सुरक्षा चाहता है। यहां अमेरिका और भारत अपनी-अपनी विचारधारा के साथ एकसाथ काम कर सकते हैं। हमने पाकिस्तान पर दबाव बनाया है और उसे सीमा पार आतंकवाद खत्म करने को कहा है। हमारे पाकिस्तान के अच्छे रिश्ते हैं। हम अच्छे नतीजों की उम्मीद कर रहे हैं। उम्मीद है कि इससे दक्षिण एशिया में शांति का माहौल बनाने में मदद मिलेगी।’’

‘दोनों देशों के बीच कारोबार 40% बढ़ा’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मैं कारोबारी रिश्ते बढ़ाने पर भी चर्चा करेंगे। हम ट्रेड डील को लेकर शुरुआती बातचीत के दौर में हैं। मुझे उम्मीद है कि हम एक अच्छी डील को आकार दे सकते हैं। हालांकि, वे बहुत टफ नेगोशिएटर हैं। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय कारोबार 40 फीसदी बढ़ा है। भारत अमेरिका के लिए सबसे बड़ा एक्सपोर्ट मार्केट है। भारत की तरक्की दुनिया के लिए भी फायदेमंद है। अमेरिका में हमने साबित कर दिया है कि रोजगार बढ़ाने के लिए बेवजह की ब्यूरोक्रेसी को खत्म किया जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी ऐसे ही प्रयास कर रहे हैं। दो साल पहले मोदी ने मेरी बेटी इवांका को ग्लोबल एंटरप्रेन्योरशिप समिट के लिए हैदराबाद में बुलाया था। इवांका आज भी यहां आई हैं।’

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा- अमेरिका को भारत से प्यार है।