Home Hindi जापान के क्रूज से मुंबई की सोनाली ने सरकार से मदद की...

जापान के क्रूज से मुंबई की सोनाली ने सरकार से मदद की अपील की, चीन में एक दिन में 242 की मौत

116
0

नई दिल्ली/बीजिंग. जापान के योकोहामा पोर्ट पर फंसे डायमंड प्रिंसेज क्रूजपर कोरोनोवायरस के मामलों की संख्या 175 हो गई है। जहाज पर मौजूद भारतीय सुरक्षा अधिकारी ने बुधवार को भारत सरकार से मदद की अपील की। चीन में कोरोनावायरस से एक दिन में 242 लोगों के मारे जाने के बाद मौतों का आंकड़ा 1365 हो गया है। वहीं, 59 हजार से ज्यादा मामलों की पुष्टि हो चुकी है।

जापान में क्रूज3 फरवरी से क्वारैंटाइन (अलग-थलग) है। भारतीय सुरक्षा अधिकारी 24 साल की सोनाली ठाकुर मुंबई की रहने वाली है। एक न्यूज चैनल से वीडियो के जरिए उन्होंने भारत सरकार से मदद की अपील की। सोनाली ने कहा- संक्रमण तेजी से फैल रहा है। हमें डर है कि हम भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। हम बस घर वापस जाना चाहते हैं।

सरकार कोरोनावायरस के खतरे को गंभीरता से नहीं ले रही : राहुल गांधी

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोरोनावायरस को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने ट्वीट किया था- कोरोनावायरस हमारे लोगों और हमारी अर्थव्यवस्था के लिए एक गंभीर खतरा है। मेरी समझ से सरकार इस खतरे को गंभीरता से नहीं ले रही है। उधर, आंध्र प्रदेश में 50 साल के व्यक्ति ने कोरोनावायरस से संक्रमण की आशंका के बाद मंगलवार को आत्महत्या कर ली। उनका इलाज करने वाले डॉक्टर ने पुष्टि की कि उसे वायरल था, उसमें कोरोनोवायरस के कोई लक्षण नहीं थे। रिश्तेदारों ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए खुदकुशी कर ली।

बुधवार को 2 भारतीय में संक्रमण की पुष्टि हुई

डायमंड प्रिंसेज क्रूज पर सवार दो भारतीय बुधवार को कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए। इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बुधवार को जापान में भारतीय दूतावास ने इसकी जानकारी दी। दूतावास ने बताया कि यात्रियों और क्रू मेंबर समेत 160 भारतीय इस जहाज पर सवार हैं। जापान में वायरस का संक्रमण न फैले इसके लिए क्रूज को 19 फरवरी तक पोर्ट परही रोके रखने का फैसला किया गया है। शिप में कुल 3711 लोग सवार हैं। जब से इस पर सवार एक यात्री वायरस से संक्रमित पाया गया, तब से इसे पोर्ट पर ही रोका गया है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


जापान के क्रूज पर सुरक्षा अधिकारी सोनाली ठाकुर।