Home Hindi 24 घंटे के अंदर रिकॉर्ड 82 हजार से ज्यादा मरीज बढ़े, 67...

24 घंटे के अंदर रिकॉर्ड 82 हजार से ज्यादा मरीज बढ़े, 67 हजार लोग ठीक भी हुए, 1026 संक्रमितों ने दम तोड़ा; देश में अब तक 38.48 लाख केस

122
0

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा बुधवार को 38 लाख के पार हो गया। 24 घंटे के अंदर रिकॉर्ड 82 हजार 860 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके पहले 29 अगस्त को सबसे ज्यादा 78 हजार 479 मरीज मिले थे। अब तक 38 लाख 48 हजार 968 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।

राहत की बात यह है कि इनमें 29 लाख 67 हजार 396 लोग ठीक भी हो चुके हैं। बुधवार को देशभर के अस्पतालों से 67 हजार 874 लोग डिस्चार्ज किए गए। वहीं, 1026 मरीजों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या अब 67 हजार 486 हो गई है।

7 दिन में 1.11% बढ़ गए कोरोना के एक्टिव केस

एक हफ्ते से देश में दुनिया के सबसे ज्यादा कोरोना मरीज मिलने के साथ ही एक्टिव केस तेजी से बढ़ने लगे हैं। 26 अगस्त से 1 सितंबर के बीच एक्टिव केस रोज 1.5% की औसत दर से बढ़कर 76,431 हो गए। ये अभी अस्पतालों या होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे हैं। उससे पिछले हफ्ते सिर्फ 0.39% दर से 19,092 एक्टिव केस बढ़े थे। एक्टिव मरीजों की संख्या में एकाएक 1.11% का इजाफा परेशानी की बात है।क्योंकि एक्टिव केस की दर लगातार घटने के बाद ही संक्रमण का असर कम होगा।

एक महीने में 2.32 लाख एक्टिव केस बढ़े, रिकवरी रेट स्थिर हुआ

  • अगस्त में देश में 2.32 लाख मरीज बढ़े। अमेरिका, ब्राजील और रूस को छोड़ बाकी देशों में कुल संक्रमित भारत के एक्टिव केस से भी कम हैं।
  • देश में मरीज ठीक होने की रफ्तार पिछले एक हफ्ते में धीमी पड़ गई। 26 अगस्त से 1 सितंबर के बीच रिकवरी रेट में 1.1% का ही सुधार हुआ। हालांकि, इससे पिछले हफ्ते रिकवरी रेट में 2.3% की वृद्धि दर्ज की गई थी।
सुविधाएं संख्या
कोविड अस्पताल 1 लाख 60 हजार 790 केंद्र व 1,517 राज्यों के
बेड 3.91 लाख
ऑक्सीजन सपोर्ट 1.16 लाख
आईसीयू बेड 32,481
कोविड हेल्थ सेंटर 3,54385 केंद्र और 3,458 राज्यों के
कोविड हेल्थ सेंटर में बेड 3.13 लाख
कोविड हेल्थ सेंटर में ऑक्सीजन सपोर्ट 78 हजार
कोविड हेल्थ सेंटर में आईसीयू बेड 19,316
कोविड केयर सेंटर 11,691
कोविड केयर सेंटर में बेड 10 लाख 84 हजार 183

कोरोना के मामले 38 लाख के पार

अपडेट्स :

  • महाराष्ट्र में बुधवार को संक्रमण के रिकॉर्ड 17 हजार 433 नए मामले सामने आए। अब तक राज्य में 8 लाख 25 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। 24 घंटे में 292 मरीजों की मौत हो गई। इसी के साथ यहां मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 25 हजार 195 हो गया है।

  • एम्स नई दिल्ली ने ओपीडी के तहत होने वाली भर्ती पर दो हफ्ते के लिए रोक लगा दी है। एम्स प्रशासन के मुताबिक, गंभीर मरीजों की जरूरतों को देखते ऐसा फैसला लिया गया है। एम्स में कोविड के मरीजों का भी अलग से इलाज हो रहा है।

  • गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘मेरे संपर्क में आए लोग कोरोना टेस्ट करा लें।’ इससे पहले मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी संक्रमित हो चुके हैं।
  • उत्तराखंड सरकार ने राज्य के सचिवालय में पत्रकारों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। आदेश के मुताबिक अब पत्रकार सचिवालय के मीडिया सेंटर तक ही जा सकेंगे।
  • कलकत्ता विश्वविद्यालय ने अंडर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट फाइनल ईयर एग्जाम की डेट शीट जारी कर दी है। इसके मुताबिक 10 से 18 अक्टूबर तक एग्जाम होंगे और 31 अक्टूबर को रिजल्ट जारी कर दिए जाएंगे।
  • दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने राजधानी में मेट्रो चलाने की मंजूरी दे दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की बैठक में यह फैसला लिया गया है। अनलॉक-4 के तहत केंद्र सरकार मेट्रो चलाने की परमिशन पहले दे चुकी है।
  • केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और गौतमबुद्ध नगर सीट से विधायक पंकज सिंह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, 31 अगस्त तक देश में करीब 11 हजार स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा दिल्ली और पश्चिम बंगाल से हैं।

पांच राज्यों के हाल
1. मध्यप्रदेश

राज्य में बुधवार को संक्रमण के 1424 नए मामले सामने आए। अब तक 66 हजार 914 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। पिछले 24 घंटों में 27 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या अब 1,453 हो गई है। राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 402 मौत इंदौर में हुई हैं। भोपाल में 293 मरीज जान गंवा चुके हैं। अब तक 51 हजार 124 लोग ठीक हो चुके हैं। 14 हजार 337 मरीजों का इलाज अभी चल रहा है। राज्य में अभी 5 हजार 580 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं।

2. राजस्थान
राज्य में पिछले 24 घंटे के अंदर 1,511 लोग संक्रमित पाए गए। अब तक 84 हजार 674 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 70 हजार 674 लोग ठीक भी हो चुके हैं, जबकि 12 हजार 919 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। 1,081 मरीज संक्रमण के चलते जान गंवा चुके हैं।

3. बिहार

राज्य में बुधवार को संक्रमण के 1969 नए केस सामने आए। अब तक 1 लाख 40 हजार 234 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 13 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या अब 722 हो गई है। राज्य में अभी 16 हजार 107 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। राहत की बात है कि संक्रमितों के ठीक होने की दर 88% हो गई है।

4. महाराष्ट्र
राज्य में 24 घंटे के अंदर कोरोना के रिकॉर्ड 17 हजार 433 नए केस सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 2 लाख 1 हजार 703 हो गई है। अब तक 8 लाख 25 हजार 739 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। बुधवार को 292 लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ राज्य में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 25 हजार 195 पहुंच गया। अब तक 5 लाख 98 हजार 496 लोग ठीक भी हो चुके हैं।

5. उत्तरप्रदेश

बुधवार को राज्य में 5,716 नए केस बढ़े। इसके बाद एक्टिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 56 हजार 459 हो गई है। अब तक 2,41,439 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। 24 घंटे में 75 संक्रमितों की मौत हुई है। राहत की बात है कि 4,687 मरीज ठीक भी हुए। राज्य में अब तक 1 लाख 81 हजार 364 मरीज ठीक हो चुके हैं।

बुधवार को 1 लाख 36 हजार 240 सैंपल्स की जांच की गई है। अब तक प्रदेश में कुल 59,13,584 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है। सीएम योगी ने कानपुर नगर, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


फोटो दिल्ली के राजपथ स्थित बगीचे की है। अनलॉक 4.0 में यहां घूमने के लिए लोग पहुंचने लगे हैं। ऐसे में चने व अन्य खाने की चीजें बेचने वाले वेंडर्स भी जुटने लगे हैं। दिल्ली में अब तक 1.97 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।