बॉलीवुड डेस्क. रितेश देशमुख ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर गुरुवार (30 जनवरी) को एक खास वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसमें वे अपने दोनों बेटों को गांधीजी की महानता के बारे में समझाते नजर आ रहे हैं। वे उनसे कहते हैं कि गांधीजी बहुत.. बहुत…बहुत… महान थे और हम सबसे बड़े थे। यहां तक कि रितेश अपने दिवंगत पिता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख को भी गांधीजी की तुलना में बहुत छोटा बताते हैं।
ट्विटर और इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए रितेश ने लिखा, ‘रियान और राहिल महात्मा गांधीजी के बारे में मुझसे बात कर रहे हैं। गांधीजी के मूल्य और सिद्धांत पीढ़ियों तक प्रासंगिक रहेंगे।’ वीडियो की शुरुआत में रितेश का पांच साल का बेटा रियान गांधीजी के चश्मे के बारे में कहता है, ‘गांधीजी बहुत पास से टीवी देखते थे, इसलिए उन्हें चश्मा लगा हुआ था।’ तब रितेश पूछते हैं, तुम कैसे टीवी देखते हो, तो वो कहता है करीब से।
गांधीजी से मिलोगे तो क्या कहोगे?
इसके बाद रितेश उससे पूछते हैं, जब आप गांधीजी से मिलोगे तो क्या कहोगे? तब रियान कहता है, ‘गांधीजी आसमान में रहते हैं, इसलिए मैं उनसे नहीं मिल सकता।’ फिर रितेश कहते हैं, ‘गांधीजी से आप मिल नहीं सकते, लेकिन क्या आप जानते हो, वे बहुत… बहुत… बहुत… महान इंसान थे।’ तब रियान बेहद मासूमियत के साथ कहता है कि ‘नहीं मैं नहीं जानता।’
रितेश ने कहा- गांधीजी दादाजी से भी महान थे
रियान पूछता है, क्या गांधीजी हम सबसे बड़े थे? तो रितेश कहते हैं, ‘हां वे हम सबसे बड़े थे। वे आजोबा (दादी) से भी बड़े थे।’ तब छोटा बेटा राहिल पूछता है, ‘क्या गांधीजी, बाबा (दादाजी) से भी बड़े थे?’ तो रितेश कहते हैं, ‘हां वो उनसे भी बहुत बड़े थे। उनकी तुलना में बाबा (विलासराव देखमुख) बहुत… बहुत… बहुत… छोटे थे।’
यूजर्स को बहुत पसंद आया वीडियो
सोशल मीडिया यूजर्स को भी बेटों के साथ रितेश की ये बातचीत बेहद पसंद आई और वे उनकी जमकर तारीफ करने लगे। एक फैन ने लिखा कि ‘ये होते हैं संस्कार’। एक अन्य फैन ने लिखा कि, ‘हमें भी अपने बच्चों को रितेश देशमुख की तरह समझाना चाहिए।’ एक महिला ने लिखा, ‘सब संस्कारों की बात है वर्ना तो डोरेमॉन से फुरसत नहीं आजकल के बच्चों को नि:शब्द।’
## ## ## ## ##