Home Bollywood Hindi लड़की और उसके दोस्त को पीट रहे थे गुंडे, ‘बिग बॉस’ फेम...

लड़की और उसके दोस्त को पीट रहे थे गुंडे, ‘बिग बॉस’ फेम प्रीतम बचाने पहुंचे तो उन्हें भी चोटें आईं

100
0

टीवी डेस्क. ‘बिग बॉस 8’ के फाइनलिस्ट रहे आरजे प्रीतम प्यारे (प्रीतम सिंह) ने ट्विटर पर एक दर्दनाक घटना के बारे में बताया है, जो रविवार तड़के चार बजे हुई। उन्होंने कुछ डिस्टर्बिंग फोटो शेयर की हैं, जिसमें एक लड़के की पीठ, सिर, हाथ और माथे पर चोटों के गंभीर निशान दिखाई दे रहे हैं। प्रीतम के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इस लड़के और एक लड़की को उन्होंने कुछ गुंडों से छुड़ाने में मदद की, जो दोनों को बुरी तरह पीट रहे थे। घटना में उन्हें भी चोटें आई हैं।

##

प्रीतम ने ट्विटर पर लिखा है, “रविवार रात गुंडों द्वारा बुरी तरह पिटाई के बाद अस्पताल में भर्ती कराया। उनका अगला ट्वीट है, “घटना बंगुर नगर (मुंबई) सिग्नल पर हुई। एक लड़के और लड़की को कुछ गुंडे बुरी तरह पीट रहे थे। तभी मैं वहां से निकला तो अपनी कार रोककर मदद करने की कोशिश की। इस पर उन्होंने (गुंडों) मेरी कार को नुकसान पहुंचाया और मुझे भी।” इसके आगे प्रीतम ने मुंबई पुलिस और शिवसेना को टैग करते हुए लिखा है, “लड़के को गंभीर चोटें आई हैं। उसे पास के ही अस्पताल में भर्ती करा दिया है।”

महिला दिवस पर भी महिलाएं असुरक्षित?
प्रीतम ने अपने एक अन्य ट्वीट में सवाल उठाया है कि महिला दिवस के दिन भी महिलाएं सड़क पर सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने लिखा है, “त्रासदी यह है कि घटना आज सुबह 4 बजे हुई। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एक महिला सड़क पर सुरक्षित नहीं हैं।”

##

पीड़िता ने भी घटना के बारे में बताया
पीड़ित लड़की ने एक मीडिया पोर्टल से बातचीत में कहा कि वह अपने पुरुष साथी के साथ चाय की एक दुकान पर गई थी। वहां नशे में धुत चार लोगों ने उसके साथ बदसलूकी की। जब उसके दोस्त ने चारों को बाहर जाने के लिए कहा तो वे उसे पीटने लगे। इसी दौरान वहां से प्रीतम का गुजरना हुआ। उन्होंने कार रोकी और लड़की को उनकी कार में बैठी पत्नी अमनजोत के साथ बैठने के लिए कहा। इसके बाद गुंडों ने प्रीतम पर भी हमला किया और उनकी कार पर पत्थरबाजी की।

कैबिनेट मंत्री असलम शेख ने जताया खेद
घटना पर महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री असलम शेख ने खेद जताया है। उन्होंने एक बातचीत में कहा, “दुर्भाग्य है कि शहर में इस तरह का घटनाक्रम हुआ। मैंने पुलिस से कहा है कि वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।” प्रीतम ने इसके लिए असलम का शुक्रिया अदा किया और कहा है कि हमें ऐसे ही नेताओं की जरूरत है।

##

बंगुर नगर थाने में केस दर्ज
बंगुर नगर पुलिस थाने की सब इंस्पेक्टर शोभा पिसे ने इस बात की पुष्टि की है कि उन्होंने सेक्शन 354 (छेड़छाड़), 509 (महिला के साथ बदसलूकी) और 324 ( जानबूझकर हथियारों से हमला और चोट पहुंचाना) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रीतम ने एक ट्वीट के मुताबिक, आरोपियों को 24 घंटे के अंदर सलाखों के पीछे डाल दिया है। इसके लिए उन्होंने मुंबई पुलिस का शुक्रिया अदा किया है।

##

Download Newsnfeeds App to read Latest Hindi News Today

Bigg Boss 8 fame RJ Pritam Singh Beaten Up With Sticks After Rescuing A Girl From Being Harassed