Home Hindi 5 पूर्व सीएम समेत 23 नेताओं की मांग- कांग्रेस में बदलाव जरूरी,...

5 पूर्व सीएम समेत 23 नेताओं की मांग- कांग्रेस में बदलाव जरूरी, रणदीप सुरजेवाला ने कहा- सोनिया के अध्यक्ष पद से इस्तीफे की खबरें गलत

84
0

कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर सोनिया गांधी का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इसी बीच, कुछ रिपोर्ट्स में पार्टी के सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि सोनिया गांधी अध्यक्ष पद से हटेंगी। वो इस पद पर अब नहीं रहना चाहती हैं। कांग्रेस ने इन खबरों का खंडन किया है। प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सोनिया गांधी के अध्यक्ष पद से इस्तीफे की खबरें गलत हैं।

कल यानी सोमवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की अहम बैठक होनी है। माना जा रहा है कि इसी बैठक में नए अध्यक्ष पर फैसला संभव है। मीटिंग सुबह 11 बजे होगी।

पार्टी नेताओं ने चिट्ठी लिखकर की बदलाव की मांग
अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस के 23 नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखकर ऊपर से नीचे तक बदलाव करने की मांग की है। चिट्ठी लिखने वालों में 5 पूर्व मुख्यमंत्री, कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य, सांसद और कई पूर्व केंद्रीय मंत्री शामिल हैं।

चिट्ठी में क्या है?
इस बात का जिक्र है कि भाजपा लगातार आगे बढ़ रही है, पिछले चुनावों में युवाओं ने डटकर नरेंद्र मोदी को वोट दिए। कांग्रेस का बेस कम होने और युवाओं का आत्मविश्वास टूटने को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले भेजी गई इस चिट्ठी में बदलाव का ऐसा एजेंडा दिया गया है, जिसकी बातें मौजूदा लीडरशिप को चुभ सकती हैं।

इन 3 मांगों का जिक्र
1.
लीडरशिप फुल टाइम (पूर्णकालिक) और प्रभावी हो, जो कि फील्ड में एक्टिव रहे। उसका असर भी दिखे।
2. कांग्रेस वर्किंग कमेटी के चुनाव करवाए जाएं।
3. इंस्टीट्यूशनल लीडरशिप मैकेनिज्म तुरंत बने, ताकि पार्टी में फिर से जोश भरने के लिए गाइडेंस मिल सके।

चिट्ठी लिखने वालों में कौन-कौन शामिल?
1.
गुलाम नबी आजाद
2. आनंद शर्मा
3. कपिल सिब्बल
4. मनीष तिवारी
5. शशि थरूर
6. विवेक तनखा
7. मुकुल वासनिक
8. जितिन प्रसाद
9. भूपेंद्र सिंह हुड्डा
10. राजिंदर कौल भट्टल
11. एम वीरप्पा मोइली
12. पृथ्वीराज चव्हाण
13. पीजे कुरियन
14. अजय सिंह
15. रेणुका चौधरी
16. मिलिंद देवड़ा
17. राज बब्बर
18. अरविंद सिंह लवली
19. कौल सिंह ठाकुर
20. अखिलेश प्रताप सिंह
21. कुलदीप शर्मा
22. योगानंद शास्त्री
23. संदीप दीक्षित

अमरिंदर सिंह बोले- गांधी परिवार की लीडरशिप को चुनौती देना गलत
इस बीच पार्टी नेता सलमान खुर्शीद ने रविवार को कहा कि आंतरिक चुनावों की बजाय सबकी सहमति देखी जानी चाहिए। राहुल गांधी को कार्यकर्ताओं का पूरा समर्थन है। इससे फर्क नहीं पड़ता कि वे पार्टी अध्यक्ष हैं या नहीं। उधर, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी गांधी परिवार की लीडरशिप को चुनौती देने वाले नेताओं का विरोध किया है।

राहुल को अध्यक्ष बनाने के लिए उठी आवाज

बताया जा रहा है कि पार्टी का एक गुट राहुल गांधी को फिर से अध्यक्ष बनाना चाहता है। पार्टी ने भी 2 दिन पहले मीडिया ब्रीफिंग में कहा था कि देशभर के कार्यकर्ता राहुल को अध्यक्ष के तौर पर देखना चाहते हैं। इस बीच छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने भी राहुल गांधी को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में राहुल से पार्टी का अध्यक्ष पद संभालने की अपील की है।

महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष बाला साहेब थ्रोट ने भी राहुल गांधी को दोबारा अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि राहुल जी को वापस कांग्रेस का नेतृत्व करना चाहिए। हम उनके विचारों का सम्मान करते हैं। हम यही कहना चाहते हैं कि राहुल जी वापस आ जाइए। जब तक राहुल गांधी फुल टाइम कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार नहीं संभालते हैं तब तक सोनिया गांधी को ही अंतरिम अध्यक्ष बने रहना चाहिए।

असम कांग्रेस के अध्यक्ष रिपून बोरा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर राहुल गांधी को फिर से कांग्रेस की कमान सौंपने की मांग की है। उन्होंने पत्र में लिखा कि राहुल के नेतृत्व में ही कांग्रेस भाजपा और संघ के विचारों के खिलाफ अच्छी लड़ाई लड़ सकती है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें


फोटो 10 अगस्त 2019 को दिल्ली में ली गई थी। तब सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शंकर लाल ऑडिटोरियम में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।