Home Bollywood Hindi 15 दिन में 200 करोड़ क्लब में शामिल हुई ‘तान्हाजी’, कुल कलेक्शन...

15 दिन में 200 करोड़ क्लब में शामिल हुई ‘तान्हाजी’, कुल कलेक्शन 250 करोड़ के पार पहुंचने की उम्मीद

167
0

बॉलीवुड डेस्क. अजय देवगन स्टारर ‘तान्हाजी : द अनसंग वॉरियर’ ने 15 दिन में बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपए के कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म ने तीसरे शुक्रवार (24 जनवरी) को 5.38 करोड़ रुपए कमाए। इसके साथ ही इसका कुल कलेक्शन 202.83 करोड़ रुपए हो गया है। ट्रेड एनालिस्ट तरन आदर्श के ट्वीट के मुताबिक, यह शनिवार के कलेक्शन के साथ अजय देवगन की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन जाएगी।

आदर्श ने अपने ट्वीट में लिखा है, “तान्हाजी 200 करोड़ के पार। थकान का कोई संकेत नहीं। लगातार स्कोर कर रही है। स्क्रीन और शो कम होने और मार्केट में दो प्रमुख फिल्में आने के बावजूद बेहतरीन कमाई। आज (शनिवार) अजय देवगन की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन जाएगी। तीसरा सप्ताह। शुक्रवार को 5.38 करोड़ कमाए। कुल कलेक्शन 202.38 करोड़ रुपए।”

गौरतलब है कि अभी अजय देवगन की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म ‘गोलमाल अगेन’ है। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने 24 दिन में 200 करोड़ का आंकड़ा पार किया था और कुल 205.69 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था।

250 करोड़ का आंकड़ा पार सकती है फिल्म

फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर, एनालिस्ट और मल्टीप्लेक्स मालिक राज बंसल की मानें तो उन्होंने रिलीज के वक्त उम्मीद की थी कि फिल्म 200 करोड़ कमाएगी। लेकिन अब संभावना है कि यह बॉक्स ऑफिस पर 250 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लेगी। वे कहते हैं, “फिल्म ने तीसरे शुक्रवार सवा पांच करोड़ रुपए कमाए। शनिवार को इसके लगभग 8 करोड़ और रविवार को 12-13 करोड़ रुपए कमाने की संभावना है। यानी कि फिल्म 250 करोड़ के पार जाती दिख रही है।”

राज बंसल, फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर, एनालिस्ट और मल्टीप्लेक्स मालिक।

बंसल के मुताबिक, उम्मीद जताई जा रही थी कि 24 जनवरी को रिलीज हुईं ‘स्ट्रीट डांसर’ और ‘पंगा’ ‘तान्हाजी’ की लहर को रोक देंगी। लेकिन शुरुआती आंकड़े देखकर इन दोनों ही फिल्मों का सरवाइव करना मुश्किल नजर आ रहा है। अगर ये दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पाती हैं तो इसका सीधा फायदा ‘तान्हाजी’ को होगा।

बॉक्स ऑफिस पर ‘तान्हाजी’ के बेंचमार्क

कितने दिन में बेंचमार्क(कलेक्शन)
3 दिन में 50 करोड़ रुपए से ज्यादा
6 दिन में 100 करोड़ रुपए से ज्यादा
10 दिन में 150 करोड़ रुपए से ज्यादा
15 दिन में 200 करोड़ रुपए से ज्यादा

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


Tanhaji The Unsung Warrior Box office day 15: Ajay Devgn film Crosses 200 crore mark at box office on day 15